Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

मोकामा-मुंगेर एक्सप्रेसवे से मेडिकल कॉलेज तक: प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने ली मेगा प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट

INT News20 September 2026 at 05:47 pm

मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने शनिवार को मुंगेर एवं भागलपुर प्रमंडल के जिलों में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बड़ी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सड़क, पुल, सिंचाई, जलापूर्ति, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई. आयुक्त ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया.

मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की भी हुई समीक्षा

समीक्षा बैठक में 619 करोड़ रुपये की लागत वाली मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रगति की जानकारी ली गई. इसके अलावा जमुई में 500 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, 270.31 करोड़ रुपये की कुंडघाट जलाशय योजना और 481 करोड़ रुपये की सरमेरा-पचना ग्रीनफील्ड बाइपास रोड की भी समीक्षा की गई.

मुंगेर की कई बड़ी परियोजनाओं पर आयुक्त ने ली जानकारी

मुंगेर जिले में 253.61 करोड़ रुपये की मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन परियोजना की प्रगति की जानकारी ली गई. इसके साथ 124.625 करोड़ रुपये की असरगंज औद्योगिक क्षेत्र विकास योजना, 251.55 करोड़ रुपये की डकरानाला पंप नहर योजना तथा 534.53 करोड़ रुपये की सुल्तानगंज-तारापुर-संग्रामपुर-बेलहर-कटोरिया-चांदन-दर्दमारा सड़क के फोरलेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की भी समीक्षा हुई.

भू-अर्जन और तकनीकी बाधाओं के समाधान का निर्देश

आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही भू-अर्जन, प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान कराया जाए. उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप तय समय सीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए.

बेगूसराय की छह बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में बेगूसराय जिले में 393.62 करोड़ रुपये की बेगूसराय बाइपास सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की योजना की समीक्षा की गई. इसके अलावा 230.06 करोड़ रुपये की नमामि गंगे एसटीपी एवं नेटवर्क योजना, 132.84 करोड़ रुपये की अमृत-2.0 जलापूर्ति योजना, 567 करोड़ रुपये की सिमरिया-खगड़िया एनएच-31 परियोजना, 290.63 करोड़ रुपये के बेगूसराय टाउन एलिवेटेड फ्लाईओवर और 515 करोड़ रुपये की सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परियोजना की प्रगति की जानकारी ली गई.

खगड़िया में एनएच और आरओबी परियोजनाओं पर चर्चा

खगड़िया जिले में 664 करोड़ रुपये की एनएच-31 खगड़िया-पूर्णिया परियोजना और 644.5 करोड़ रुपये की एनएच-107 महेशखूंट-सोनवर्षा-सहरसा-मधेपुरा-पूर्णिया परियोजना की समीक्षा की गई. इसके साथ 101.81 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे लेवल क्रॉसिंग के स्थान पर आरओबी निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा हुई.

नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई बैठक में दोनों प्रमंडलों के जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, तकनीकी विभागों के अधीक्षण अभियंता और संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए. आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं हो और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के साथ परियोजनाएं पूरी की जा सकें.