समाचार · पंजाब
संगरूर में कंप्यूटर टीचरों ने अपनी मांगों को लेकर किया:छठे वेतन आयोग, CSR और रेगुलराइजेशन की मांग पर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
संगरूर में आज कंप्यूटर अध्यापकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने छठे वेतन आयोग के लाभ, सीएसआर (CSR) के नियम लागू करने और अपनी सेवाओं को रेगुलर करने जैसी मुख्य मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अध्यापकों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सरकार उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। प्रदर्शनकारी अध्यापकों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के उपरांत शहर में एक विशाल रैली निकाली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मांगों का समाधान न होने तक वे अब यहां अनिश्चितकालीन (पक्का) धरना शुरू करने जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी सरकार पर वादाखिलाफी के लगाए आरोप कंप्यूटर अध्यापकों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले 'आप' नेताओं ने उनसे रोजगार देने और सभी मांगें पूरी करने का वादा किया था। यहां तक कि तत्कालीन आप नेता उनके धरनों में खुद आकर बैठा करते थे, लेकिन सत्ता में आते ही वे भी पिछली सरकारों जैसा ही रवैया अपना रहे हैं। लाठीचार्ज और वादों को लेकर घेरा अध्यापकों ने आरोप लगाया कि आप ने पंजाब में धरने समाप्त कराने, लाठीचार्ज न करने तथा किसी भी व्यक्ति की पगड़ी या चुनरी का अनादर न होने देने के बड़े-बड़े दावे किए थे। परंतु, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ही अपनी जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर सबसे ज्यादा लाठीचार्ज हुआ है। कंप्यूटर अध्यापकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें तुरंत पूरी न कीं, तो आने वाले चुनावों में आम आदमी पार्टी को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा।