Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मर्री टोल पर ज्यादा वसूली की केंद्रीय मंत्री शिकायत:नितिन गडकरी से मिले सांसद के साथ ट्रांसपोर्टर, नियमित वाहनों के बनेंगे पास; एक साल बाद हटेंगे टोल

INT News20 September 2026 at 06:53 pm

बालाघाट से करीब 12 किलोमीटर दूर हाईवे पर स्थित मर्री टोल नाके पर बालाघाट की गाड़ियों से ज्यादा टोल वसूला जा रहा है। इस संबंध में रविवार को जिले के ट्रांसपोर्टरों ने सांसद भारती पारधी के साथ नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर शिकायत की। इस दौरान विधायक राजकुमार कर्राहे और कई ट्रांसपोर्टर मौजूद थे। सांसद ने मंत्री गडकरी के सामने मर्री टोल नाके पर हो रही ज्यादा वसूली और हाईवे की खराब सड़क का मुद्दा उठाया। साथ ही, भंडारा-तुमसर फोरलेन हाईवे को गर्रा से आगे बढ़ाकर बालाघाट शहर के जयस्तंभ चौक तक करने की मांग भी रखी। मंत्री नितिन गडकरी ने भरोसा दिलाया कि टोल पर हो रही ज्यादा वसूली के लिए नियमित वाहनों के पास बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि एक साल बाद सैटेलाइट प्रक्रिया पूरी होने पर सभी टोल हटा दिए जाएंगे। इसका मतलब है कि अभी सिर्फ नियमित वाहनों को पास से राहत मिलेगी। बालाघाट के बाकी वाहनों को सैटेलाइट प्रक्रिया शुरू होने तक टोल देना होगा। हालांकि, ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधि अविनाश सिंह ने बताया कि टोल प्रबंधन से बातचीत के बाद स्थिति और साफ होगी। सांसद भारती पारधी ने बताया कि मंत्री गडकरी ने नियमित वाहनों के पास बनाने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने यह भी बताया कि एक साल में सैटेलाइट प्रक्रिया के बाद टोल हटा दिए जाएंगे, जिसके लिए हमें एक साल इंतजार करना होगा। सांसद ने यह भी कहा कि भंडारा-तुमसर फोरलेन सड़क को गर्रा से आगे बढ़ाकर शहर के जयस्तंभ तक करने की मांग की गई है, जिससे शहर सीधे फोरलेन से जुड़ जाएगा।