Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बुजुर्ग को टक्कर मारकर भागा बुलेट सवार:छतरपुर में लोगों ने 75 साल की महिला को अस्पताल छोड़ा; उपचार के लिए भर्ती

INT News20 September 2026 at 06:56 pm

छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक हादसा हुआ। पुराने स्टेट बैंक और पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास तेज रफ्तार बुलेट सवार दो युवकों ने एक 75 साल की बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। महिला केले लेकर घर जा रही थी।

टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं और काफी खून बहने लगा। हादसे के बाद बुलेट सवार मौके से भाग गए। यह घटना रविवार दोपहर की है।

महिला को सड़क पर खून से लथपथ देखकर राहगीरों ने तुरंत मदद की। प्रशांत गुप्ता और ई-रिक्शा चालक अमित दुबे ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया। वे तुरंत महिला को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले गए।

अस्पताल में गार्ड और स्टाफ की मदद से महिला को इमरजेंसी वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचाया गया। शुरुआती इलाज के बाद उसे महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है।

मददगार प्रशांत गुप्ता और ई-रिक्शा चालक अमित दुबे ने बताया कि दोनों बुलेट सवार चौक बाजार की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे थे। उन्होंने सड़क पर घर जा रही बुजुर्ग महिला को टक्कर मारी और तेजी से भाग गए। लोगों ने उन्हें भागते हुए देखा था।

हालांकि, महिला की हालत गंभीर होने के कारण मदद करने वालों ने बाइक सवारों का पीछा करने के बजाय पहले उसे अस्पताल पहुंचाना ज्यादा जरूरी समझा।

घायल महिला हादसे के बाद कुछ भी बोल नहीं पा रही है। वह अपना पता भी नहीं बता पा रही है। इस वजह से देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के इलाके में महिला की पहचान कराने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है ताकि बाइक सवारों की पहचान हो सके। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।