समाचार · मध्य प्रदेश
जिला बदर आरोपी नशीला कफ सिरप बैचते पकड़ाया:बैग से 20 शीशी बरामद; पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को 20 नशीली कफ सिरप की शीशियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिला बदर आदेश के बावजूद शाहपुर क्षेत्र में मौजूद था और कफ सिरप बेचने के लिए खड़ा था। पुलिस ने आरोपी के नीले रंग के बैग से 20 शीशियां बरामद कीं। इनकी कीमत करीब 4,030 रुपए बताई गई है। आरोपी की पहचान पहाड़ी निवासी योगेंद्र उर्फ सोनू मिश्रा (33) के रूप में हुई है। बरांव पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि योगेंद्र उर्फ सोनू मिश्रा बरांव पुलिया, शाहपुर के पास नशीली कफ सिरप बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके बैग से 20 शीशियां मिलीं। पुलिस ने सिरप जब्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जिला बदर आदेश के उल्लंघन का केस पुलिस ने बताया कि योगेंद्र उर्फ सोनू मिश्रा के खिलाफ जिला बदर का आदेश लागू था। इसके बावजूद वह शाहपुर थाना क्षेत्र में मिला। इस आधार पर उसके खिलाफ जिला बदर आदेश के उल्लंघन का मामला भी दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 और बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को 20 सितंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई एसपी सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देश, एएसपी शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सची पाठक के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी रामदीन सिंह के नेतृत्व में शाहपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।