Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

भरनो में JLKM का संगठन विस्तार, दूसरी बार निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुने गये बप्पी उरांव

INT News29 October 2026 at 10:38 am

भरनो (गुमला). झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने गुमला के भरनो प्रखंड में संगठन विस्तार को लेकर बैठक की. हाइटेक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के समीप आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनूप फ्रांसिस कुजूर ने की. इस दौरान बप्पी उरांव को दूसरी बार निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुना गया. साथ ही नई प्रखंड समिति का गठन कर विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी.

ये भी पढ़ें: गुमला: 13 वर्षीय सिद्धार्थ के लिए अशोक सिंह ने किया 47वां रक्तदान

नई समिति में पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

संगठन की नयी समिति में सुंदर्शन महली को वरीय उपाध्यक्ष, विष्णु उरांव को महासचिव, राजदेव सिंह और रामविलास गोप को उपाध्यक्ष बनाया गया. वहीं, झूलन कुमार बड़ाइक को सचिव, महावीर मुंडा को कोषाध्यक्ष और ज्योतिप केशरी को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गयी. इसके अलावा शेख अमीन को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रखंड अध्यक्ष और सुखमणि कुमारी को महिला मोर्चा का प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया. बैठक में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया.

राज्य के विकास को लेकर जिला अध्यक्ष ने उठाये सवाल

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनूप फ्रांसिस कुजूर ने कहा कि झारखंड को अलग राज्य बने 26 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं हुआ है. उन्होंने पूर्ववर्ती और वर्तमान सरकारों पर राज्यहित में प्रभावी नीतियां लागू नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लोग तीसरे विकल्प के रूप में डॉ. जयराम महतो से उम्मीद लगाये हुए हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोगों की समस्याओं को उठाने की अपील की.

ये भी पढ़ें: Cyclone Arnav का कहर, लगातार बारिश से बढ़ी ठिठुरन; स्कूल-कॉलेज बंद

जनसमस्याओं को मजबूती से उठाना प्राथमिकता: बप्पी उरांव

दूसरी बार निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुने जाने पर बप्पी उरांव ने संगठन के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करना और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने संगठन की जिम्मेदारी निभाने और कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनहित के मुद्दों पर काम करने की बात कही.

बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में केंद्रीय युवा मोर्चा अध्यक्ष संदीप तिग्गा, लोहरदगा जिला अध्यक्ष किशोर उरांव, सिलास बाड़ा, सूरज सिंह, जिला सचिव संदीप साहू, मोहर साहू सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल