Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में महिला की हत्या...35 दिन बाद भी पहचान नहीं:AI से भी चेहरा नहीं बना पाई पुलिस, 3 राज्यों के 11 जिलों में तलाश; 1000 CCTV फुटेज खंगाले

INT News19 November 2026 at 10:45 am

ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में महू जमार गांव के पास रेलवे ट्रैक की झाड़ियों में 13 अक्टूबर की सुबह मिली अज्ञात महिला की हत्या के मामले में 35 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस अब तक न तो मृतका की पहचान कर पाई है और न ही हत्यारों तक पहुंच सकी है। महिला की शिनाख्त के लिए मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 11 जिलों में तलाश की गई। 1000 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और AI की मदद से चेहरा बनाने की कोशिश भी हुई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। 3 राज्यों के 11 जिलों में तलाश मामले को सुलझाने के लिए ग्वालियर पुलिस ने कई टीमें लगाई हैं। मृतका की पहचान के लिए पुलिस की टीमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 11 जिलों में जांच कर चुकी हैं। इससे पहले ग्वालियर-चंबल संभाग के 8 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर 35 से 40 वर्ष की लापता महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाला गया था। तीनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों और थानों में गुमशुदगी के सैकड़ों मामले चेक किए गए। इसके बावजूद किसी परिवार ने मृतका की पहचान नहीं की। महिला कहां की रहने वाली थी और ग्वालियर कैसे पहुंची, इसका पता अब तक नहीं चल पाया है। 1000 CCTV कैमरे खंगाले, AI से भी नहीं बना चेहरा जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद भी ली। घटनास्थल और शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे 1000 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस को उम्मीद थी कि इनमें हत्यारों या किसी संदिग्ध वाहन का सुराग मिल सकता है। फॉरेंसिक और टेक्निकल टीम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से मृतका का चेहरा रिकंस्ट्रक्ट करने की कोशिश की। हालांकि, शव अत्यधिक क्षत-विक्षत और डीकंपोज होने के कारण AI तकनीक भी सटीक चेहरा तैयार नहीं कर सकी। पहचान मिटाने के लिए शव फेंकने की आशंका क्राइम के जानकारों और पुलिस की अब तक की जांच के विश्लेषण से संकेत मिलता है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। शव को सुनसान रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया था। जांच में यह संभावना भी जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं दूसरी जगह की गई हो और सबूत मिटाने के लिए शव को ग्वालियर लाकर फेंका गया हो। दूसरी आशंका यह है कि मृतका ऐसे इलाके की रहने वाली हो, जहां उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट ही दर्ज नहीं कराई गई। ​पैनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सर्विलांस पर नजर फिलहाल पुलिस की उम्मीदें पैनल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और तकनीकी सर्विलांस पर टिकी हैं। करीब 35 दिन बीतने के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पहले भी मिला था अज्ञात महिला का शव कई साल पहले भी इसी घटनास्थल के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला था। उस महिला की पहचान भी पुलिस अब तक नहीं कर पाई है।