समाचार · मध्य प्रदेश
छिंदवाड़ा में सीजन का सबसे ठंडी रात:गुरुवार को 10.5 डिग्री पर पहुंचा पारा; दो दिन बाद बारिश के आसार
छिंदवाड़ा जिले में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। गुरुवार सुबह इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान गिरकर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान भी गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। सुबह और रात के समय चल रही सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह जल्दी घरों से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि शाम ढलते ही ठंड का असर महसूस होने लगता है। मौसम विज्ञान केंद्र छिंदवाड़ा के संत कुमार शर्मा के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ने और हवाओं के रुख में बदलाव की स्थिति बन रही है। सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है तूफान अकवान मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी मौसमी गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को पूर्वी मध्यप्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने तथा 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, तापमान में उतार-चढ़ाव संभव संत कुमार शर्मा के अनुसार, फिलहाल मौसम में तत्काल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाएं चल सकती हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही और वातावरण में नमी के कारण दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के अनुसार सावधानी बरतने की जरूरत है।