समाचार · मध्य प्रदेश
नगर निगम कर्मचारियों ने वकील से की धक्का-मुक्की, VIDEO:कटनी में अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद; अधिवक्ता संघ ने कार्रवाई की मांग की
कटनी के गांधीगंज क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और वरिष्ठ अधिवक्ता के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ता लिया। घटना का वीडियो गुरुवार सुबह सामने आया है। इसमें नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के कर्मचारी अधिवक्ता अशोक जैन के साथ झूमाझटकी और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिला अधिवक्ता संघ में नाराजगी है। अतिक्रमण हटाने के दौरान हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बुधवार को नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता शहर के व्यस्त गांधीगंज क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। कार्रवाई के दौरान किसी बात को लेकर मौके पर मौजूद अधिवक्ता अशोक जैन और निगम कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कर्मचारियों ने अधिवक्ता के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। वीडियो सामने आने के बाद वकीलों में रोष घटना का वीडियो गुरुवार सुबह सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया। इसमें निगम कर्मचारियों और अधिवक्ता के बीच हुई झूमाझटकी दिखाई दे रही है। वीडियो अधिवक्ताओं तक पहुंचने के बाद जिला अधिवक्ता संघ ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग अधिवक्ताओं का कहना है कि विधि व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति के साथ नगर निगम कर्मचारियों का ऐसा व्यवहार निंदनीय और अशोभनीय है। उन्होंने प्रशासन और निगम के उच्चाधिकारियों से वीडियो के आधार पर दोषी कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल अधिवक्ता संघ की ओर से मामले में आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।