Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जबलपुर में ट्रक ने 5 लोगों को रौंदा...3 की मौत:भेड़ाघाट में ढाबे के बाहर आग ताप रहे थे; दो घायल, चालक गिरफ्तार

INT News19 November 2026 at 10:52 am

जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह करीब 3 बजे सोनू ढाबे के सामने हुआ। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े दो वाहनों को टक्कर मारी और फिर पलट गया। सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास के मुताबिक, ट्रक क्रमांक MP 20 HB 1200 शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा था। भेड़ाघाट के पास चालक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक वहां आग ताप रहे लोगों को कुचलते हुए पलट गया। मृतकों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हैं। चालक गिरफ्तार, नशे की आशंका सूचना मिलने पर भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी में चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है।