Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हाईवा में घुसी पुलिसकर्मियों की तेज रफ्तार इनोवा:एयरबैग खुलने से बचे 15वीं बटालियन के 6 जवान; नीमच से वीआईपी ड्यूटी कर लौट रहे थे

INT News19 November 2026 at 10:47 am

इंदौर के चंदन नगर इलाके में गुरुवार सुबह पुलिसकर्मियों की तेज रफ्तार इनोवा कार रेत से भरे हाईवा डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, समय पर एयरबैग खुलने से कार में सवार 15वीं बटालियन के छह जवानों की जान बच गई। हादसे में सभी जवान घायल हुए हैं, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। चंदन नगर पुलिस के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह राजकुमार नगर बांक क्षेत्र की है। पुलिसकर्मियों की इनोवा कार (MP09 TA 8278) के सामने अचानक एक अन्य वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसा। पीसीआर वैन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीसीआर वैन ने सभी छह घायल जवानों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जवान आगे के इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रवाना हो गए। किसी भी जवान को गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि सभी पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में वीआईपी ड्यूटी के लिए बस से नीमच गए थे। वहां ड्यूटी पूरी करने के बाद वे इनोवा कार से इंदौर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।