समाचार · झारखंड
कहीं रोजगार तो कहीं गृह प्रवेश, स्थापना दिवस पखवाड़ा में विकास योजनाओं से जुड़े हजारों लोग

Jharkhand Foundation Day Fortnight 2026: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के चौथे दिन बुधवार को राज्यभर में विकास और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गयीं. रोजगार सृजन से लेकर आवास योजना, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण तक विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम चलाये गये. इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया.
सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को मिला रोजगार
सिमडेगा में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 5,810 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया. इसके तहत कुल 6,280 मानव दिवस का सृजन हुआ. जिले की सभी 94 पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गयीं, जिनमें विकास योजनाओं के लिए 671 आवेदन प्राप्त हुए. आवास योजनाओं के तहत सिमडेगा में 61 परिवारों ने नये घर में प्रवेश किया. इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 59 और अबुआ आवास योजना के दो लाभुक शामिल हैं. कोडरमा में 135 तथा सरायकेला-खरसावां में 93 परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया. सरायकेला में 15 से 18 नवंबर के बीच कुल 534 परिवारों को नये आवास मिले.
ये भी पढ़ें: सिमडेगा में अपहरण और जालसाजी के दो मामलों का आरोपी दिलीप तिर्की गिरफ्तार
डेयरी व्यवसाय से जुड़ेंगी नौ महिलाएं
सिमडेगा में आयोजित जिला स्तरीय डेयरी मेला-सह-पशु प्रदर्शनी के दौरान नौ महिला लाभुकों के बीच 13 दुधारू गायों का वितरण किया गया. कुरडेग, बानो और सिमडेगा की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की गयी. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह और गव्य विकास निदेशक डॉ. संजीव कुमार ने किया.
रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थियों को मिली सफलता
सरायकेला-खरसावां के चांडिल स्थित मॉडल कैरियर सेंटर में आयोजित रोजगार मेले में 11 नियोजक संस्थानों ने भाग लिया. 800 से अधिक रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें 180 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया. इस पहल से युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
16 हजार से अधिक स्कूलों में हुई क्विज प्रतियोगिता
शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य के 16,907 सरकारी विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें झारखंड के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और आंदोलनकारियों से जुड़े सवाल पूछे गये. प्रतियोगिता में 9,85,687 छात्र-छात्राओं और 45,592 शिक्षकों ने भाग लिया. इसके अलावा गिरिडीह, कोडरमा और गुमला में निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी हुईं.
ये भी पढ़ें: निशा भगत केस: थानेदार सतीश पांडे से CBI की पूछताछ, बयान दर्ज कर आज दिल्ली लौटेगी टीम
किशोरियों को स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी
महिला एवं किशोरी सशक्तिकरण के तहत कोडरमा, गुमला और सरायकेला-खरसावां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. किशोरियों को पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गयी. साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया.
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान
स्वच्छ एवं हरित झारखंड की दिशा में गिरिडीह के स्टेडियम परिसर में श्रमदान और सफाई अभियान चलाया गया. कोडरमा के नगर निकाय क्षेत्रों में सफाई अभियान के साथ विभिन्न पंचायतों में पौधरोपण किया गया. गुमला में 'हर आवास एक पेड़' अभियान के तहत लाभुकों के घरों के आसपास पौधे लगाये गये.
पशुपालकों को मिली स्वास्थ्य जांच की सुविधा
कोडरमा जिले के सभी प्रखंडों में पशु स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर आयोजित किए गए. पशुपालकों को निःशुल्क जांच, दवाइयां और मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराये गये. वहीं, गिरिडीह में सखी मंडल की महिलाओं के लिए विशेष केवाईसी अभियान चलाया गया. स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इन गतिविधियों में रोजगार, ग्रामीण आवास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गयी. सरकार का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से विकास योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और आत्मनिर्भर एवं विकसित झारखंड की दिशा में आगे बढ़ना है.
ये भी पढ़ें: सिमडेगा में 23,173 किसानों की फसल बीमा को मंजूरी, 629 आवेदन हुए अस्वीकृत