समाचार · मध्य प्रदेश
रायसेन में 28 और 29 नवंबर को होगा सांची महोत्सव:दो दिन दर्शन के लिए रखे जाएंगे पवित्र अस्थि कलश, 26 को मॉक ड्रिल
रायसेन जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में दो दिवसीय सांची महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव 28 और 29 नवंबर को होगा। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होंगे। आयोजन के पहले दिन 28 नवंबर को सुबह 8 बजे महाबोधि सोसाइटी से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश-विदेश से आए बौद्ध अनुयायियों के साथ वियतनाम का विशेष दल भी शामिल होगा। शोभायात्रा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। दो दिन श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे जाएंगे अस्थि कलश महोत्सव के दौरान चैत्यगिरि विहार मंदिर के गर्भगृह को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला जाएगा। महाबोधि सोसाइटी और जिला प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर से भगवान बुद्ध के दो परम शिष्यों के पवित्र अस्थि कलश बाहर निकाले जाएंगे। विशेष पूजा-अर्चना के बाद इन अस्थि कलशों को दो दिनों तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसे लेकर बौद्ध अनुयायियों में उत्साह है। कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने सांची में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था बेहतर रखने को कहा, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए 26 नवंबर को मॉक ड्रिल कलेक्टर ने स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए एंबुलेंस की तुरंत उपलब्धता और अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए 26 नवंबर को सांची में मॉक ड्रिल होगी। इसमें अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने की तैयारियों को परखा जाएगा। इसके बाद कलेक्टर ने सांची रेलवे स्टेशन और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, महाबोधि सोसाइटी के बौद्ध धर्मगुरु और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।