sports
युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने

Yuzvendra Chahal 400 T20 Wickets: भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां अब तक कोई दूसरा भारतीय गेंदबाज नहीं पहुंच सका है. बुधवार (18 नवंबर) को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए चहल ने अपने टी20 करियर के 400 विकेट पूरे कर लिए. वह इस फॉर्मेट में 400 विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज बन गए हैं. तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने तीन विकेट लेकर यह कारनामा किया.
तमिलनाडु के खिलाफ तीन विकेट लेकर रचा इतिहास
इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर हरियाणा और तमिलनाडु के बीच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का मुकाबला खेला गया. चहल को 400 टी20 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी. उन्होंने तमिलनाडु की पारी के छठे ओवर की तीसरी गेंद पर अमित साथविक को बोल्ड कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.
इसके बाद भी चहल नहीं रुके. उन्होंने 17वें ओवर में आर साई किशोर और एम सिद्धार्थ को पवेलियन भेज दिया. इस तरह चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट उनके नाम रहे. चहल की शानदार गेंदबाजी के सामने तमिलनाडु की पूरी टीम 19.5 ओवर में 124 रन पर सिमट गई.
ये भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट में जवागल श्रीनाथ को छोड़ा पीछे, भारत के टॉप-10 गेंदबाजों की लिस्ट में हुए शामिल
भुवनेश्वर कुमार और बुमराह को छोड़ा पीछे
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में युजवेंद्र चहल पहले स्थान पर हैं. उन्होंने इस मामले में भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और पीयूष चावला जैसे गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया है. भारतीय गेंदबाजों के टी20 विकेट का रिकॉर्ड देखें तो चहल के नाम अब 402 विकेट दर्ज हैं. वहीं भुवनेश्वर कुमार 366 विकेट के साथ दूसरे और जसप्रीत बुमराह 354 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
IPL से लेकर टीम इंडिया तक ऐसा रहा चहल का सफर
युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में भारत से लेकर आईपीएल तक अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाया है. उन्होंने भारतीय टीम के लिए 81 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 98 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, आईपीएल में चार अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए उनके नाम 233 विकेट हैं.
हरियाणा के लिए उन्होंने 71 मैचों में 68 विकेट लिए हैं. इसके अलावा मुंबई इंडियंस की ओर से चैंपियंस लीग टी20 में भी तीन विकेट उनके नाम हैं. आईपीएल में चहल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं.
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड किसके नाम?
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान के नाम है. उन्होंने अब तक 543 मैचों की 548 पारियों में 743 विकेट चटकाए हैं. राशिद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले और इकलौते गेंदबाज भी हैं.
ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड में टीम इंडिया के साथ हुई बेईमानी! DRS के फैसले पर भड़के शुभमन गिल, क्या आउट थे ग्लेन फिलिप्स?