national
अकाली दल-BJP गठबंधनः फिर साथ आए पुराने सहयोगी, किसको होगा फायदा और किसे नुकसान? एक्सपर्ट से समझिए

छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ आने से पंजाब की राजनीति में सियासी हलचल तेज है. एक तरफ दोनों दल साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के सामने अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती है.
अहम सवाल है कि क्या अकाली दल-BJP की वापसी पंजाब में सत्ता का नया विकल्प तैयार करेगी या फिर नतीजा कुछ और होगा? इन सवालों को समझने के लिए डिजिटल ने पंजाब की राजनीति पर नजर रखने वाले राजनीतिक विश्लेषक और चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर आशुतोष कुमार से बातचीत की. आसान भाषा में समझिए, मौजूदा राजनीतिक हलचल के सियासी मायने क्या हैं.
नए समीकरण से पंजाब की सियासत में क्या चेंज होगा?
आशुतोष कुमार कहते हैं कि अकाली दल-BJP के नए गठबंधन को चुनावी गणित और राजनीतिक मजबूरियों से जोड़कर देखा जाना चाहिए. उनका मानना है कि गठबंधन से दोनों दलों को फायदा हो सकता है, लेकिन अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि इसका सीधा नुकसान कांग्रेस या आम आदमी पार्टी को होगा.
2027 के चुनाव के संदर्भ में वो कहते हैं कि मौजूदा स्थिति का कोई बड़ा इंपैक्ट नहीं पड़ेगा. उनके मुताबिक, पंजाब में मुकाबला पहले भी बहुकोणीय था और आगे भी ऐसा ही रहने की संभावना है. आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा की मौजूदगी चुनाव को दिलचस्प बनाएगी. हालांकि, गठबंधन के बाद भाजपा और अकाली दल की चुनावी रणनीति, सीटों का बंटवारा और वोटों का हस्तांतरण काफी अहम हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘प्रो-इंडिया’ या ‘प्रो-चाइना’ नहीं, ‘प्रो-नेपाल’ वाली है बालेन शाह की विदेश नीति; भारत से क्या हैं उम्मीदें?
कैसे खत्म हुई अकाली दल और भाजपा के छह साल की दूरी ?
अकाली दल और भाजपा का रिश्ता पंजाब की राजनीति में नया नहीं है. दोनों दलों ने 1996 में राजनीतिक साझेदारी की शुरुआत की थी और 1997 के विधानसभा चुनाव में साथ मिलकर सरकार बनाई थी. इसके बाद 2007 और 2012 में भी गठबंधन की सरकार बनी. 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा.
सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए. किसान आंदोलन के बीच अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया. तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही.
अब 24 नवंबर 2026 को भाजपा और अकाली दल ने औपचारिक रूप से फिर साथ आने का ऐलान किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा हुई. दोनों पार्टियां 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरेगी.
आशुतोष कुमार कहते हैं यह वापसी सिर्फ दो पुराने सहयोगियों के मिलने की कहानी नहीं है, बल्कि दोनों दलों की बदलती राजनीतिक जरूरतों का नतीजा भी है. इसे आंकड़ों में समझिए....
साथ रहते हुए विधानसभा चुनाव
पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन लंबे समय तक काफी सफल रहा. इस दौरान हुए विधानसभा और लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखें तो तस्वीर इस प्रकार है.
1997, 2007 और 2012 में गठबंधन ने सरकार बनाई. 2012 में तो पहली बार पंजाब में किसी मौजूदा सरकार को लगातार दूसरी बार सत्ता मिली. हालांकि, 2017 में गठबंधन बुरी तरह हार गया.
अलग होने के बाद विधानसभा चुनाव
2022 में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई और अकाली दल और भाजपा की सीटें 18 से घटकर 5 रह गईं.
लोकसभा चुनाव में क्या हुआ?
इन आंकड़ों से साफ है कि दोनों दलों के सामने अलग-अलग चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत को सीटों में बदलने की चुनौती रही है. अकाली दल का पारंपरिक ग्रामीण और सिख वोट आधार कमजोर हुआ है, वहीं भाजपा को पंजाब के ग्रामीण इलाकों में अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की जरूरत है.
नए समीकरण को लेकर, आशुतोष कुमार कहते हैं कि गठबंधन दोनों दलों के लिए फायदे का सौदा है. उनके मुताबिक, अकाली दल के पास पंजाब के गांवों में पुराना संगठनात्मक आधार है, जबकि भाजपा के पास राष्ट्रीय स्तर के संसाधन, चुनावी प्रबंधन और मजबूत कैडर है. यही वजह है कि दोनों दलों ने अपनी राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एक बार फिर साथ आने का फैसला किया है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान: POK के बाद सिंध में भड़की आजादी की चिंगारी, आसिम मुनीर के खिलाफ सड़कों पर जनसैलाब
भाजपा और अकाली दल गठबंधन की क्या होगी चुनौती?
2020 में कृषि कानूनों के विरोध के बीच अकाली दल ने भाजपा से रिश्ता तोड़ लिया था. पार्टी ने किसानों के हितों को अपने फैसले का आधार बताया था, लेकिन अब उसी भाजपा के साथ पार्टी ने दोबारा गठबंधन किया है. जिसके बाद अकाली दल को अपने मतदाताओं के सामने इस फैसले का जवाब देना पड़ सकता है. खासकर ग्रामीण पंजाब, किसान बहुल इलाकों और सिख मतदाताओं के बीच यह सवाल अहम रहेगा कि छह साल पहले जिस मुद्दे पर गठबंधन तोड़ा गया था, अब ऐसा क्या बदल गया कि दोनों दल फिर साथ आ गए?
आशुतोष इस सवाल को अकाली दल के लिए ज्यादा बड़ी राजनीतिक चुनौती मानते हैं. उनका कहना है कि भाजपा अपने पक्ष में यह तर्क दे सकती है कि उसने कृषि कानून वापस ले लिए थे, लेकिन अकाली दल को बताना होगा कि उसने दोबारा गठबंधन क्यों किया. हालांकि आशुतोष कहते हैं कि अकाली दल के इस चुनौती को काउंटर करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से पंजाब के लिए किसी विशेष आर्थिक पैकेज, किसानों के लिए सहायता या नई योजनाओं की घोषणा भी इस राजनीतिक समझौते को सही ठहराने का आधार बना सकती है.
हालांकि आशुतोष कहते हैं कि दोनों दलों ने अपनी राजनीतिक स्थिति को देखते हुए गठबंधन का रास्ता चुना है. वह कहते हैं कि बीजेपी ने दो-तीन साल कोशिश की, लेकिन उनको लगा कि अपने बल पर कुछ बात बन नहीं रही है तो उन्होंने सोचा कि चलो समझौता कर ही लेते हैं. वह गठबंधन की राजनीति को लेकर कहते हैं कि जो गठबंधन है वो किसी भी पार्टी का हमेशा सेकंड चॉइस होता है. कोई भी पार्टी खुद ही चुनाव जीतना चाहती है.
नए समीकरण से 2027 के विधानसभा चुनाव पर क्या होगा असर ?
2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था. भगवंत मान मुख्यमंत्री बने और पंजाब में कांग्रेस तथा अकाली दल के लंबे राजनीतिक प्रभाव को चुनौती मिली. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव ने पंजाब की राजनीति की तस्वीर बदल दी. कांग्रेस ने 13 में से सात सीटें जीतीं, आम आदमी पार्टी को तीन सीटें मिलीं, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे. वहीं अकाली दल को एक सीट मिली तो भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी.
वोट शेयर के स्तर पर भी मुकाबला काफी दिलचस्प रहा. कांग्रेस को लगभग 26.3 प्रतिशत, आम आदमी पार्टी को 26 प्रतिशत, भाजपा को 18.6 प्रतिशत और अकाली दल को 13.4 प्रतिशत वोट मिले. इससे साफ है कि लोकसभा चुनाव तक पंजाब में कोई एक पार्टी पूरी तरह हावी नहीं थी.
अब जब अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले नए समीकरण को लेकर आशुतोष का मानना है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों की स्थिति चुनाव से पहले बदल सकती है. भगवंत मान सरकार को लेकर जनता की नाराजगी, सरकार के कामकाज का आकलन और कांग्रेस के भीतर गुटबाजी जैसे मुद्दे चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं.
वो यह भी कहते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जैसी स्थिति बन सकती है. उनके मुताबिक, अगर किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो पंजाब में सरकार बनाने के लिए नए राजनीतिक समीकरण बन सकते हैं.
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहुंचे अमरिंदर सिंह, BJP-अकाली गठबंधन ऐलान के वक्त कहां थे नदारद?
पंजाब चुनाव के लिए क्या है भाजपा की राजनीति
आशुतोष कहते हैं कि भाजपा का असली लक्ष्य कांग्रेस को सत्ता से दूर रखना है. भाजपा की प्राथमिकता सिर्फ आम आदमी पार्टी को चुनौती देना नहीं, बल्कि कांग्रेस को सत्ता में लौटने से रोकना भी है. उनका मानना है कि भाजपा के लिए कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर भी एक बड़ा राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी है. ऐसे में पंजाब में कांग्रेस की वापसी रोकना भाजपा की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है. वहीं अकाली दल के लिए यह गठबंधन अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने का अवसर है. इसलिए दोनों दलों के हित अलग-अलग होने के बावजूद फिलहाल उनका चुनावी लक्ष्य एक है.