Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

धार के कोटवारों ने रैली निकाली:बोले- सेवा भूमि का मालिकाना हक और पक्की नौकरी दी जाए

INT News28 October 2026 at 05:43 pm

धार में कोटवारों ने रैली निकाली। लालबाग से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे कोटवारों ने तहसीलदार दिनेश कुमार उईके को ज्ञापन देकर अपनी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। कोटवारों ने बताया कि वे लंबे समय से राजस्व विभाग के तहत गांवों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में कार्यरत करीब 38 हजार कोटवारों को स्थायी शासकीय कर्मचारी घोषित करने और 10 साल की सेवा पूरी कर चुके कोटवारों को पदोन्नत करने की मांग की गई है। इसके अलावा, सेवा भूमि का मालिकाना हक वापस देने, मानदेय में हर साल 500 रुपए की बढ़ोतरी करने और मोबाइल सिम देने की मांग भी रखी गई है। वर्दी घोटाला जांच कराने की मांग कोटवारों ने वर्दी की राशि सीधे बैंक खाते में जमा कराने और वर्दी खरीद में गड़बड़ी की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, नगरीय क्षेत्रों में पद समाप्त करने और एक गांव में एक ही कोटवार नियुक्त करने वाले आदेशों को रद्द करने की बात कही गई है। ज्ञापन में सेवाकाल में मृत्यु होने पर परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता और सेवानिवृत्ति राशि 1 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए करने की मांग भी शामिल है। भोपाल में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी कोटवारों के संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे और 30 अक्टूबर से भोपाल में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे।