समाचार · मध्य प्रदेश
पश्चिम बंगाल के युवक की जबलपुर में मौत:डैम में नहाने के दौरान डूबा, 48 घंटे बाद मिला शव; निजी प्लांट में करता था जॉब
जबलपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर छीता खुदरी बांध में नहाते समय पश्चिम बंगाल का एक युवक डूब गया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और SDRF की टीम ने करीब 48 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। मंगलवार को बांध के दूसरे किनारे पर युवक का शव पानी में तैरता मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए कुंडम स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मृतक की पहचान शेख अब्दुल (35), निवासी मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। वह जबलपुर में एक निजी प्लांट में काम करने के लिए आया था। नहाते समय पैर फिसला, गहरे पानी में चला गया जानकारी के मुताबिक शेख अब्दुल 9 अगस्त को छीता खुदरी बांध में नहा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना तत्काल कुंडम थाना पुलिस और SDRF टीम को दी गई। इसके बाद पुलिस और SDRF के जवानों ने बांध में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन पहले दिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। डूबने का वीडियो भी सामने आया युवक के पानी में डूबने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में शेख अब्दुल तेज बहाव के बीच खुद को बचाने का प्रयास करता नजर आ रहा है। कुछ देर तक वह पानी से बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन बहाव के कारण गहरे पानी में चला गया। दूसरे किनारे पर मिला शव डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि SDRF की टीम करीब दो दिन से लगातार युवक की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को बांध के दूसरे किनारे पर युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए कुंडम स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के जबलपुर पहुंचने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।