समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर कलेक्टर-एसएसपी ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का किया शुभारंभ:बहतराई स्टेडियम में खिलाड़ियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, कलेक्टोरेट में हस्ताक्षर अभियान शुरू
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बिलासपुर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए। बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खिलाड़ियों ने तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। दोनों कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। तिरंगे के साथ खिलाड़ियों ने निकाली यात्रा बहतराई स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा में खिलाड़ियों के साथ अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर खिलाड़ियों ने स्टेडियम परिसर में यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को मजबूत करना रहा। कलेक्टर-SSP ने किया हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कलेक्टोरेट परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने अभियान में हस्ताक्षर कर जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि तिरंगा केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि गौरव, एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत CEO संदीप अग्रवाल ने भी हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता की। कलेक्टर और एसएसपी ने अभियान के प्रति जनभागीदारी का संदेश देते हुए सेल्फी भी ली। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।