Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बेटी को बचाने 18 किलोमीटर 25 मिनट में पहुंचा पिता:देवास में सांप के डसने की आशंका, डॉक्टर ने मृत घोषित किया

INT News11 August 2026 at 04:51 pm

देवास के गुनाई गांव में मंगलवार सुबह 21 माह की मासूम कनक की मौत हो गई। कनक अपनी पांच साल की बड़ी बहन श्रद्धा के साथ घर के सामने खेल रही थी। अचानक वह जोर से चिल्लाई और रोने लगी। उसके दाहिने पैर पर दांत जैसे निशान मिले थे। परिजनों को सांप के डसने की आशंका हुई। पिता सतीश ने बेटी को तुरंत गोद में उठाया। वे कार से उसे देवास जिला अस्पताल लेकर निकले। करीब 18 किलोमीटर का रास्ता 25 से 30 मिनट में तय किया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की। डॉक्टरों ने कनक को मृत घोषित कर दिया। देखें तस्वीरें… खेलते समय अचानक रोने लगी मासूम पिता सतीश ने बताया कि मंगलवार सुबह वह पत्नी और दोनों बेटियों के साथ घर के सामने गली में बैठे थे। कनक और श्रद्धा साथ खेल रही थीं। अचानक कनक रोने लगी और चिल्लाई। सतीश उसके पास पहुंचे तो उसके पैर पर किसी जानवर के दांत जैसे निशान थे। परिजनों को सांप के डसने की आशंका हुई। इसके बाद वे कनक को लेकर तुरंत जिला अस्पताल रवाना हुए। परिजनों ने आसपास सांप को तलाशने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं मिला। डॉक्टर बोले- पैर पर काटने के निशान मिले डॉक्टर कमल किशोर ने बताया कि बच्ची को अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान वह पहले ही दम तोड़ चुकी थी। उसके दाहिने पैर पर किसी जानवर के काटने के निशान मिले हैं। बच्ची की मौत सांप के काटने से हुई या किसी अन्य कारण से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कफन में लिपटी बेटी को गोद में लेकर लौटे पिता पोस्टमार्टम के बाद जब परिवार को कनक का शव सौंपा गया तो माहौल गमगीन हो गया। बेटी को बचाने की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचे पिता आखिर में उसे कफन में लिपटा गोद में लेकर लौटे। दादी ने भी पोती को आखिरी बार देखा और उसे दुलार किया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।