समाचार · मध्य प्रदेश
एसडीएम को क्लासरूम में गुटखे से रंगी मिली दीवार:पढ़ाई में बच्चे कमजोर मिले, पन्ना के बृजपुर में प्राचार्य को लगाई फटकार
पन्ना के सरकारी सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक स्कूल बृजपुर में मंगलवार दोपहर एसडीएम संजय नागवंशी और जनपद सीईओ जय शंकर तिवारी ने अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। बड़े अधिकारियों के अचानक स्कूल पहुंचने से स्टाफ में हड़कंप मच गया। अफसरों ने स्कूल में पढ़ाई के स्तर और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नागवंशी सीधे क्लासरूम में गए और बच्चों से बातचीत की। उन्होंने खुद ब्लैकबोर्ड पर लिखकर छात्रों का टेस्ट लिया, जिसमें कई बच्चे पढ़ाई में कमजोर मिले। वहीं कुछ छात्र-छात्राओं ने 12 और 13 का पहाड़ा फटाफट सुनाकर अधिकारियों को खुश कर दिया। बच्चों का पढ़ाई का स्तर कमजोर होने पर प्रभारी प्राचार्य जाम सिंह ने सफाई दी कि ये बच्चे अभी हाल ही में मिडिल स्कूल से प्रमोट होकर आए हैं, इसलिए इनके स्तर में सुधार आने में थोड़ा वक्त लगेगा। गंदगी देखकर नाराज हुए एसडीएम क्लासरूम में पसरी गंदगी देखकर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और स्कूल प्रशासन को जमकर फटकार लगाते हुए तुरंत सफाई कराने की हिदायत दी। सफाई व्यवस्था पर उठे सवालों पर स्कूल प्रबंधन ने चपरासियों की कमी का रोना रोया। प्राचार्य ने बताया कि स्कूल में भृत्य के तीन पद खाली पड़े हैं और जो एक कर्मचारी है, वह भी पिछले दो सालों से गायब चल रहा है, जिसकी वजह से रोज सफाई नहीं हो पाती। कागजी रिपोर्ट नहीं, जमीन पर दिखे सुधार निरीक्षण के आखिर में अधिकारियों ने ओवरऑल स्थिति को संतोषजनक माना, लेकिन व्यवस्था में तुरंत सुधार के कड़े निर्देश दिए। एसडीएम नागवंशी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि "केवल कागजी रिपोर्ट या स्क्रिप्ट तैयार करने से काम नहीं चलेगा, बदलाव जमीन पर दिखना चाहिए।" उन्होंने पढ़ाई के स्तर और सफाई को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने की सख्त ताकीद की।