समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर में छोटू चौबे गैंग का गुर्गा पिस्टल-कारतूस सहित गिरफ्तार:होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला करने वाले कुणाल पटेल को दबोचा, पुलिस ने निकाला जुलूस
जबलपुर के लॉर्डगंज थाना पुलिस ने होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला करने के आरोपी कुणाल पटेल (25) को गिरफ्तार कर लिया है। कुणाल पटेल पर 5,000 रुपए का इनाम घोषित था। वह जगदीश अखाड़ा क्षेत्र का निवासी है और कुख्यात 'छोटू चौबे गैंग' का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। यह विवाद 26 जुलाई की रात शुरू हुआ था, जब कुणाल पटेल राइट टाउन स्थित अवलोकन इन होटल पहुंचा। उसने मैनेजर शिवम अग्रवाल पर लग्जरी कमरा देने का दबाव बनाया। मैनेजर ने कमरा खाली न होने और स्थानीय आईडी पर अकेले व्यक्ति को कमरा न देने के होटल के नियमों का हवाला दिया। इस पर कुणाल ने खुद को छोटू चौबे गैंग का सदस्य बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। तीर राउंड फायरिंग की थी अगले दिन, 27 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे, मैनेजर शिवम अग्रवाल रानीताल फ्लाईओवर के पास बारिश से बचने के लिए खड़े थे। तभी कुणाल अपने साथी शनि के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से उन पर तीन राउंड फायरिंग की। हालांकि, गोली मैनेजर को नहीं लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जबलपुर के पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपए के इनाम की घोषणा की थी। एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। 10 अगस्त को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीताल श्मशान घाट के पास दबिश दी और फरार इनामी बदमाश कुणाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया। एक पर पहले से दर्ज हैं कई मामले पूछताछ के दौरान आरोपी कुणाल पटेल ने स्वीकार किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और कारतूस उसे गिरोह के सरगना छोटू चौबे ने दिए थे। कुणाल पटेल एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और जुआ एक्ट के तहत कुल 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरोह का मुख्य सरगना छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे पहले से ही आपराधिक गतिविधियों के कारण दो महीने पहले एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) के तहत जबलपुर केंद्रीय जेल में बंद है।