समाचार · मध्य प्रदेश
सुक्ता डैम के चार गेट एक-एक मीटर तक खोले:खंडवा में तेज बरसात, गांवों में तालाब ओवरफ्लो; नाग पंचमी तक गिरेगा तेज पानी
खंडवा में मंगलवार सुबह से पानी गिर रहा है। तेज बारिश के हालात बने हुए हैं। शाम 4 बजे तक दो इंच से ज्यादा पानी गिरने का अनुमान है। भगवंत सागर बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं। गेटों को एक-एक मीटर तक खोला गया है, जिससे सुक्ता नदी में उफान के हालात हैं। ज्यादातर गांवों के नदी-नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। कई जगह तालाब भी ओवरफ्लो हो गए हैं। मौसम वैज्ञानिक बोले- नागपंचमी तक गिरेगा पानी इधर, मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के वैज्ञानिक डॉ. पीके साहा के अनुसार, फिलहाल की स्थिति में सामान्य और तेज बारिश का मिला-जुला असर है। यह स्थिति अगले दो दिन और बनी रहेगी। वहीं, बंगाल की खाड़ी से एक और लो प्रेशर एरिया एक्टिव होने वाला है, जो 14-15 अगस्त से लेकर 17-18 अगस्त (नागपंचमी) तक तेज पानी गिराएगा। इसके बाद बारिश के आसार कम बने हुए हैं। इस सप्ताह भारी बारिश से कोटा पूरा होने की उम्मीद है। भगवंत सागर के गेट खोलकर पानी डिस्चार्ज किया जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री मनमीत सिंह मंडराई के अनुसार, तेज बारिश के बीच भगवंत सागर बांध में पानी की आवक बढ़ी है। मंगलवार दोपहर को बांध के चार गेट खोले गए हैं। चारों गेट (गेट क्रमांक 2, 3, 4 और 5) एक-एक मीटर तक खोले गए हैं। इनके जरिए 11,687.390 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। पानी छोड़ने से सुक्ता नदी में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। राजगढ़ गांव में तालाब ओवरफ्लो, निकासी दी बरसात के बीच शहर में जहां सड़कें जलमग्न हो गईं और तीनपुलिया नाला पूरी क्षमता से बहने लगा, वहीं गांवों में भी नदी-नाले उफान पर आ गए। दीवाल में नदी का पानी खेतों में घुस गया। वहीं, राजगढ़ गांव में गांव का छोटा तालाब ओवरफ्लो हो गया। जिसके पानी को अधिकारियों ने मौके पर जाकर निकासी दी। इसी तरह अर्दला डैम में भी पानी की आवक बढ़ गई है। इधर, ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांध का जलस्तर बढ़ा है।