Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

ABVP ने संत जेवियर्स स्कूल के सामने किया प्रदर्शन:हाउस के नाम महापुरूषों के नाम रखने की मांग, रायगढ़ में DEO के नाम आवेदन सौंपा

INT News7 July 2026 at 03:52 pm

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में संत जेवियर्स स्कूल के सामने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने धरना प्रदर्शन किया। जमकर नारे लगाते हुए स्कूल गेट के सामने बैठ गए और हाउस के नाम महापुरूषों के नाम पर रखने की मांग की। जिसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है। ABVP के पदाधिकारी व सदस्यों ने संत जेवियर्स स्कूल बोईरदादर के बाहर अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जब इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस को लगी, तो वे मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाईश देने लगे। ABVP के द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी के नाम जो आवेदन सौंपा गया है उसमें बताया कि विद्यालय के हाउसों के नाम वर्तमान में विदेशी ईसाई मिशनरियों के नाम पर रखे गए हैं। संगठन का कहना है कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना, सांस्कृतिक चेतना और व्यक्तित्व निर्माण का प्रमुख माध्यम भी होता है। इसलिए हाउसों के नाम भारतीय महापुरुषों के नाम पर रखे जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को देश के महान आदर्शों, इतिहास और संस्कृति से प्रेरणा मिल सके।

मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करेंगे

ज्ञापन में ABVP ने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी कर इस विषय में जल्द निर्णय लिया जाए। संगठन ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय में मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो जनहित और छात्रहित में लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।

स्कूल के गेट बंद कर दिए

ABVP के जिला संयोजक शिवम मिश्रा ने कहा कि लंबे समय से इस स्कूल में मिशनरी जैसी विषयों के बारे में पढ़ा रहे हैं। आज एबीवीपी यहां पहुंचकर अपना विरोध जता रहा है, लेकिन स्कूल के सभी गेट को बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि वे जब यहां आए तो हिंदू शिक्षकों को सामने किया गया ताकि वे बात कर सके। तीन दिन में कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा।

आगे जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी

तहसीलदार शिव कुमार डनसेना ने बताया कि स्कूल में एबीवीपी धरना प्रदर्शन के लिए आए हैं। एबीवीपी के सदस्यों के द्वारा स्कूल के प्रबंधन और प्रार्थना व अन्य गतिविधियों को लेकर शिकायत है। उन्हें बताया गया है कि जो भी शिकायत है उसे लिगल तरीका के माध्यम से पेश करे ताकि जांच कर आगे की उचित कार्रवाई की जा सके।