Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पिस्टल लहराकर पुलिस को दी गालियां, बदमाश का निकला जुलूस:अमन लाला पहले बोला था- 'पुलिस मेरी जेब में रहती है', अब कहा- 'पुलिस बाप है'

INT News7 July 2026 at 04:42 pm

खंडवा में थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर पिस्टल लहराकर युवक को धमकाने और पुलिस को गाली देने वाले कुख्यात बदमाश अमन लाला पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। आरोपी गुंडे को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को कोतवाली और मोघट रोड पुलिस ने शहर में उसका जुलूस निकाला। जिन इलाकों में अमन लोगों को धमकाकर दहशत फैलाता था, उन्हीं गलियों में उसे पैदल घुमाया गया। पुलिस ने अमन का जुलूस खानशाहवली और इमलीपुरा क्षेत्र में निकाला। पूरे रास्ते भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य, मोघट रोड टीआई विकास खिंची सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस का उद्देश्य लोगों में कानून का भरोसा कायम करना और बदमाशों को सख्त संदेश देना था। एक दिन पहले पिस्टल अड़ाकर मांगे थे रुपए रविवार रात मोघट रोड थाना क्षेत्र के गिद्वानी मार्केट में लक्कड़ बाजार निवासी 24 वर्षीय शेख जुबेर का रास्ता रोककर अमन और उसके साथी ने पिस्टल अड़ा दी थी। आरोप है कि, दोनों ने शराब पीने के लिए रुपए मांगे। जब जुबेर ने पैसे नहीं होने की बात कही तो उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी‌। पीड़ित की शिकायत पर मोघट रोड पुलिस ने अमन और उसके साले के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। घटना के बाद एसपी अगम जैन ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। वीडियो में पुलिस को दी थी खुली चुनौती घटना के बाद अमन का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह पुलिस जीप देखकर अभद्र भाषा यानी गालियों का इस्तेमाल करते हुए खुद को बेखौफ बता रहा था। वीडियो में वह यह कहते हुए भी सुनाई दिया कि, "पुलिस मेरी जेब में रहती है, मुझे सिर्फ अमन नहीं, अमन लाला बोलते हैं।" वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को शहर में फ्लैग मार्च की तर्ज पर उसका जुलूस निकाला। जिस खानशाहवली और इमलीपुरा इलाके में आरोपी की दहशत बताई जाती थी, वहीं उसे पैदल ले जाया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी यह कार्रवाई देखी। पिता भी आदतन अपराधी, फिलहाल जिलाबदर पुलिस के अनुसार अमन का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से लंबा है। उसके पिता नासीर भी आदतन अपराधी हैं और वर्तमान में जिलाबदर हैं। दोनों पिता-पुत्र पर लूट, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।