Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दतिया उपचुनाव के लिए 5 प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन:दूसरे दिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने खरीदा नामांकन फॉर्म

INT News7 July 2026 at 04:56 pm

दतिया विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। दूसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने नामांकन फॉर्म खरीदा। उनके अलावा हरदास बघेल (इंदरगढ़) और रामसिंह बघेल ने भी नामांकन फॉर्म लिया। इसके साथ ही दो दिनों में कुल पांच नामांकन फॉर्म बिक चुके हैं। पहले दिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संभावित प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव और उनके छोटे भाई केशव सिंह यादव के नाम से फॉर्म खरीदे गए थे। हालांकि, पार्टी ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। तहसील कार्यालय में चल रही नामांकन प्रक्रिया नामांकन प्रक्रिया के लिए तहसील कार्यालय को रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) कार्यालय बनाया गया है। प्रत्याशी यहीं से नामांकन फॉर्म खरीद रहे हैं और जमा भी करेंगे। पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में चुनावी तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठकें होती रहीं। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। सुरक्षा के लिए बदली गई प्रवेश व्यवस्था नामांकन अवधि के दौरान सुरक्षा के लिए तहसील कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुख्य गेट आम लोगों के लिए बंद रहेगा। बिना वैध पास किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। हालांकि, राजस्व और अन्य जरूरी काम से आने वाले लोगों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से वैकल्पिक प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।