Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हिसार में रोडवेज बस से मिला डोडा पोस्त:चार बैगों में छिपाकर रखा, तस्कर हुए मौके से फरार, पुलिस ने कब्जे में लिया

INT News7 July 2026 at 04:43 pm

हिसार पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अग्रोहा पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की एक बस से 31 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त एवं चूरा पोस्त बरामद किया है। नशीला पदार्थ चार लावारिस बैगों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि थाना अग्रोहा में तैनात एएसआई सुभाष चंद्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं अपराध नियंत्रण ड्यूटी पर थे। इसी दौरान ईआरवी-315 के माध्यम से सूचना मिली कि हरियाणा रोडवेज की बस में कुछ लावारिस बैग पड़े हैं, जिनमें नशीला पदार्थ होने की आशंका है। बस की सीटों के नीचे छिपाकर रखा नशीला पदार्थ सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बस ड्राइवर और कंडक्टर ने बताया कि बस की पिछली सीट के नीचे एक संदिग्ध बैग मिला था। जब यात्रियों से उसके बारे में पूछा गया तो किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद पूरी बस की तलाशी लेने पर कुल चार लावारिस बैग बरामद हुए, जिन्हें कोई अज्ञात व्यक्ति बस में छोड़कर फरार हो गया था। जिसके बाद बरवाला के नायब तहसीलदार रविंद्र कुमार (राजपत्रित अधिकारी) को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली गई। जांच में तीन बैगों से 21 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त तथा एक बैग से 10 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। कुल 31 किलो 200 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई तथा नशीले पदार्थ को नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज इस संबंध में थाना अग्रोहा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(बी), 61 एवं 85 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ बस में किसने रखा, इसका स्रोत क्या है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके लिए बस के यात्रा मार्ग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।