Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP Road Accident: हरिद्वार से लौट रहे चार दोस्तों की कार खाई में गिरी, टायर फटने से हुआ हादसा, तीन की मौत, एक ICU में भर्ती

INT News7 July 2026 at 04:45 pm

UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे चार दोस्तों की तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा है. यह हादसा दौराला थाना क्षेत्र के सकौती फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी. फ्लाईओवर पर अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका.देखते ही देखते कार कई बार पलटी और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी.

मौके पर मची अफरा-तफरी

सूचना मिलते ही दौराला पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला गया.हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया.

हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे थे चारों दोस्त

क्षेत्राधिकारी (सीओ) दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि कार में सवार सभी चारों युवक दिल्ली के रहने वाले थे. वे हरिद्वार से दर्शन कर वापस दिल्ली लौट रहे थे. सुबह सकौती फ्लाईओवर के पास अचानक कार का टायर फट गया, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ.

एक युवक की हालत नाजुक

हादसे में घायल चौथे युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया है, जहां उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, हालांकि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह कार का टायर फटना माना जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है. वहीं, पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी यात्रा पर निकलने से पहले वाहन के टायर और अन्य तकनीकी स्थिति की अच्छी तरह जांच जरूर कर लें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.

Also Read: स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर पथराव, स्लीपर कोच में सफर कर रही युवती घायल; सहतवार-रेवती के बीच हुई घटना