समाचार · हरियाणा
पलवल में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से लूट:5 बदमाशों ने मारपीट करके कैश लूटा, पहले स्कूटी में फ्यूल डलवाने आए थे
पलवल जिले में नेशनल हाईवे-19 पर बहरौला गांव के पास एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से मारपीट कर लूट की घटना सामने आई है। बदमाशों ने हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार, पेट्रोल पंप मालिक अंजू अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई की रात करीब 11 बजे बीपीसीएल के केएमपी फ्यूल जंक्शन पर एक काले रंग की स्कूटी पर 2 युवक आए। उन्होंने 210 रुपए का पेट्रोल भरवाया और यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया, जिसका रिकॉर्ड हरि मोहन के नाम पर है। विरोध पर सेल्समैन को घेरकर पीटा सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि इन युवकों ने पेट्रोल डलवाने के बहाने काफी देर तक वहां रुककर कर्मचारियों की संख्या और नकदी की स्थिति का जायजा लिया था। ठीक आधे घंटे बाद, रात करीब 12 बजे, वही दोनों युवक 3 अन्य साथियों के साथ 2 दोपहिया वाहनों पर वापस पंप पर आए। कुल 5 बदमाशों ने आते ही सेल्समैन दीपक को घेर लिया और नकदी सौंपने को कहा। जब दीपक ने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उस पर हमला कर मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कैश लूटकर फरार हुए 5 बदमाश इसके बाद बदमाश दीपक के पास से करीब 7,500 रुपए की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद घायल सेल्समैन ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। सदर थाना प्रभारी हरीकिशन ने बताया कि पेट्रोल पंप की मालिक अंजू अग्रवाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल ट्रांजैक्शन की डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लूटेरों की पहचान करने में जुटी हुई है।