समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:नानी को गला दबाकर मार डाला; 4 दिन बाद बिजली कट लगेंगे; सरकार बोली- हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की शपथग्रण रोकें
नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति के विवाद से जुड़ी रही। पंजाब सरकार ने कहा कि ये बिना सहमति के की गई है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति का विरोध पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति का विरोध किया है। जालंधर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि चीफ जस्टिस की नियुक्ति के लिए संबंधित राज्य सरकार के व्यू और सहमति लेनी जरूरी होती है। इस मामले में इस प्रक्रिया को फॉलो नहीं किया है। इसे देखते हुए CM भगवंत मान ने दोपहर बाद 4 बजे कैबिनेट की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। वित्तमंत्री ने कहा इस मीटिंग में जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति में अपनाई गई प्रक्रिया को लेकर विचार किया जाएगा। चीमा ने कहा कि भाजपा की मध्यप्रदेश सरकार ने जस्टिस जीएस संधावालिया की नियुक्ति को 2 महीने रोके रखा। फिर उन्हें हिमाचल में चीफ जस्टिस लगाया गया। इसके उलट जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति को लेकर अभी 2 ही हफ्ते का समय हुआ था लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने ये फैसला ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 2. प्रॉपर्टी के लालच में नानी की गला दबाकर हत्या लुधियाना में प्रॉपर्टी के लालच में दोहते ने अपनी नानी मनजीत कौर की हत्या कर दी। बेटी की मौत के बाद नानी ने ही गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा को मां की तरह पाला, उसकी शादी करवाई और बड़ा किया था। 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे मनजीत कौर की मौत हुई। परिवार ने इसे सामान्य मौत या हार्ट अटैक समझा और 4 सितंबर को धारा 194 के तहत कार्रवाई कर अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद पड़ोसी के घर लगे CCTV की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 3 सितंबर शाम करीब 5:30 बजे गुरकीरत नानी से झगड़ते और मारपीट करते दिखा। वह उनके ऊपर बैठकर मुंह और गला दबाता भी नजर आया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नानी का घर और दूसरी प्रॉपर्टी अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन वह तैयार नहीं थीं। मौसी कुलविंदर कौर की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया (पढ़ें पूरी खबर) 3. कोयला संकट से पंजाब में बिजली कटौती पंजाब में पिछले 2-3 दिनों से बिजली कट बढ़ गए हैं। बिजली मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद ने वीडियो जारी कर बताया कि देशभर में कोयले की गंभीर कमी के कारण घरेलू और इंडस्ट्री सेक्टर में मजबूरी में कट लगाने पड़ रहे हैं। कोयला संकट से देश में करीब 63 गीगावाट बिजली सप्लाई प्रभावित है। कई थर्मल प्लांटों के पास सिर्फ 3-4 दिन का कोयला स्टॉक बचा है, इसलिए वे आधी क्षमता पर चल रहे हैं। पंजाब में बिजली उत्पादन करीब 1,500 मेगावाट घटा है। राजपुरा का नाभा पावर और मानसा का तलवंडी साबो थर्मल प्लांट केंद्र से मिलने वाले कोयले पर निर्भर हैं और पर्याप्त सप्लाई न मिलने से आधी क्षमता पर चल रहे हैं। वहीं, पंजाब सरकार से कोयला पाने वाले प्लांटों के पास करीब 10 दिन का स्टॉक है। सौंद ने केंद्र से तुरंत कोयला संकट दूर करने, स्थिति पर स्पष्टीकरण देने और आम जनता व उद्योगों को निर्बाध बिजली देने की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. सिख युवती को बनाया मुस्लिम, 2 बीवियों के पति से की शादी अमृतसर की रहने वाली कमलप्रीत कौर करीब दो साल पहले पढ़ाई के लिए लंदन गई थी। परिवार के मुताबिक, करीब छह महीने पहले ड्राइविंग सीखने के दौरान वह पाकिस्तानी मूल के मुस्लिम ड्राइविंग टीचर के संपर्क में आई। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे ग्रूम कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित किया गया। परिवार के अनुसार, युवक पहले दो शादियां कर चुका है। पिछले एक महीने से कमलप्रीत ने माता-पिता के फोन नहीं उठाए। तलाश के दौरान वह मुस्लिम परिवार के घर मिली, जहां उसे ‘आइरा’ नाम से बुलाया गया। बातचीत में कमलप्रीत ने बताया कि उसने करीब छह महीने पहले अमृत और सिख धार्मिक पहचान छोड़ दी है। उसने कहा कि वह खुद पिता से बात कर उन्हें अपनी स्थिति बताएगी और वह ठीक है। परिवार ने सरकार, ब्रिटेन की सिख संस्थाओं और गुरुद्वारा कमेटियों से मदद की अपील की है (पढ़ें पूरी खबर) 5. जालंधर में स्वाइन फ्लू के मरीज की मौत जालंधर में स्वाइन फ्लू से पहली संदिग्ध मौत रिपोर्ट हुई है। जमशेर खास के ताजपुर निवासी 85 वर्षीय मूल राज ने इलाज के दौरान 4 अगस्त को दम तोड़ दिया। उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे पहले से COPD समेत कई बीमारियों से जूझ रहे थे और उनका H1N1 टेस्ट पॉजिटिव आया था। सिविल अस्पताल की MS डॉ. नमिता घई के मुताबिक, मरीज की कमजोर इम्युनिटी और अन्य बीमारियों के कारण मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। हेल्थ ऑडिट के बाद अंतिम कारण तय होगा। पंजाब में अब तक 1,513 संदिग्ध मरीजों की जांच में 220 पॉजिटिव मिले हैं। अगस्त से मामलों में तेजी के बाद अस्पतालों में निगरानी, फ्लू कॉर्नर और आइसोलेशन यूनिट बढ़ाई गई हैं (पढ़ें पूरी खबर) 6. पंजाबी सिंगर ने किया तलाक का ऐलान पंजाबी सिंगर व एक्टर परमीश वर्मा ने आखिरकार अपनी शादी और तलाक को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ दी है। परमीश ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए कन्फर्म किया कि वह अपनी पत्नी गीत ग्रेवाल से तलाक ले चुके हैं। एक्स-वाइफ और जिंदगी की महिला का सम्मान करना ही मर्दानगी है। परमीश की पत्नी गीत ग्रेवाल एक कनाडाई राजनीतिज्ञ और वकील हैं। उन्होंने कनाडा में चुनाव भी लड़ा था। दोनों 21 अक्टूबर 2021 को कनाडा में शादी की थी। जिसके बाद उन्होंने भारत में भी एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी रखी थी। उनकी एक बेटी भी है। लेकिन पिछले एक साल से दोनों के अलग होने की खबरे आ रही थी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. बस में सीट को लेकर लेडी वकील को पीटा मोगा से अमृतसर जा रही एक बस में सीट को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद तब हंगामे में बदल गया, जब कुछ महिलाओं ने एक महिला से कथित तौर पर मारपीट की। यह घटना मोगा बस अड्डे से बस के रवाना होने के कुछ ही देर बाद की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपस में समझौता हो गया।
बस कंडक्टर के अनुसार, बस के मोगा से अमृतसर के लिए रवाना होने के बाद संबंधित महिला सीट को लेकर लगातार बहस कर रही थी। कंडक्टर का आरोप है कि महिला ने बस में सवार दो लड़कियों को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहीं। इसके बाद कंडक्टर ने महिला को बस से नीचे उतरने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. जमीन विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या संगरूर में जमीन विवाद के चलते युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लहरा थाना क्षेत्र के दशमेश नगर कोठे दसका में बूटा सिंह ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर राइफल से मानसा के बहादुरपुर निवासी प्रकाश सिंह पर गोली चला दी। प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। पुरानी रंजिश के चलते हुई वारदात के बाद आरोपी बूटा सिंह ने लहरा थाने में सरेंडर कर दिया। SHO जसकरण सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)
9. किसान आंदोलन में पहुंचे राकेश टिकैत चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर 1 सितंबर से चल रहा 32 किसान यूनियनों का पक्का मोर्चा रविवार को छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए रविवार को किसान नेता राकेश टिकैत धरना स्थल पर पहुंचे। उनके पहुंचने से आंदोलन में किसानों की मौजूदगी और बढ़ गई। किसान संगठन आज अहम बैठक कर धरने को 7 सितंबर के बाद आगे बढ़ाने या खत्म करने को लेकर फैसला करेंगे। राकेश टिकैत ने कहा कि पंजाब सरकार को किसानों के साथ बातचीत करनी चाहिए। किसानों के 13 मुद्दों पर सरकार को चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का सही दाम मिलना चाहिए। अगर सरकार किसानों की मांगें मान लेती है, तो धरना कल ही खत्म किया जा सकता है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. PRTC की बस ही चुरा ले गए चोर लुधियाना में चोरों ने फिल्मी अंदाज में PRTC की टॉप मॉडल बस ही चुरा ले गए। बस स्टैंड डिपो के सामने पार्किंग से 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे बोलेरो पिकअप में 7-8 चोर पहुंचे। करीब 2 घंटे रेकी करने के बाद रात 2:20 बजे बस लेकर फरार हो गए। जगराओं पुल के पास एक ऑटो और स्कूटी ने बस को एस्कॉर्ट किया और स्कूटी आगे-आगे चलती रही। BS-VI Phase-2-6 टॉप मॉडल बस बिना चाबी स्टार्ट नहीं हो सकती थी, लेकिन चोरों ने स्टार्टिंग स्विच की तारें तोड़कर उसे डायरेक्ट स्टार्ट कर दिया। अगले दिन सुबह बस ढट्ट गांव के पास ईंटों के सहारे खड़ी मिली। चोर टायर, दोनों बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकाल ले गए। सबूत मिटाने के लिए बस के CCTV कैमरे भी तोड़ दिए। नुकसान करीब 7-8 लाख रुपए का है। पुलिस ने बोलेरो का नंबर निकाल लिया है (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)