समाचार · छत्तीसगढ़
बिलाईगढ़ में पुल के पास मिला युवक का शव:दोस्त संग बाइक से निकला था, सड़क हादसे की आशंका; पीएम से खुलेगा मौत का राज
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पथरिया पुल के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में उसकी पहचान ग्राम मुड़पार के देव निराला (32) के रूप में हुई। मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र का है। दोस्त के साथ बाइक से बिलाईगढ़ आया था युवक बिलाईगढ़ थाना प्रभारी प्रकाश राठौर के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा है। पूछताछ में पता चला कि देव निराला अपने दोस्त विवेकानंद टंडन (35) के साथ एचएफ डीलक्स बाइक से मुड़पार से बिलाईगढ़ आया था। दोनों यहां शराब पीने के बाद बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पथरिया पुल के पास देव बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गया। आशंका है कि इसी दौरान पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद डरकर आगे निकल गया दोस्त पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद विवेकानंद घबरा गया और किसी को जानकारी दिए बिना वहां से आगे निकल गया। कुछ दूरी पर वह भी बाइक से गिरकर बेहोश हो गया। सुबह होश आने पर वह पैदल घर पहुंचा और सो गया। इधर, पुल के पास युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में उसके साथ मौजूद दोस्त के बारे में भी जानकारी मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी प्रकाश राठौर का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा है। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, इसकी सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।