समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:2 AAP विधायकों ने पार्टी छोड़ी; हनी सिंह के भतीजे की मौत; सुसाइड कर रहे कर्मी का VIDEO बनाया
नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी से जुड़ी है। 2 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. 2 AAP विधायकों ने पार्टी छोड़ी पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने के बाद 2 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है। इनमें पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। जौड़ामाजरा AAP सरकार में मंत्री रह चुके हैं, लेकिन कुछ समय पहले पार्टी ने पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को उनकी जगह पर समाना विधानसभा सीट का हलका इंचार्ज बना दिया था। वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा पर रेप का केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया भाग गए थे। जांच में शामिल होने के लिए लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 2. शाह बोले- पंजाब में NDA सरकार बनानी है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में 250 करोड़ के 9 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। वहां NDA की सरकार बनानी है। इससे पहले वह पुलिस के स्थापना दिवस पर सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर अमित शाह ने कहा- मुझे विश्वास है कि पंजाब के नजदीक होने के बावजूद चंडीगढ़ देश का सबसे पहले नशामुक्त होने वाला शहर बनेगा। (पढ़ें पूरी खबर) 3. CM मान से लोग खुश, 13 मंत्रियों का काम पसंद नहीं पंजाब के CM भगवंत मान के काम और व्यवहार, दोनों से उनके इलाके के लोग संतुष्ट हैं और उन्हें ही दोबारा अपना MLA बनाना चाहते हैं। हालांकि, उनके 13 मंत्रियों के बारे में जनता की राय इससे एकदम अलग है। AAP सरकार के 13 मंत्रियों के एरिया में रहने वाले लोगों का मानना है कि MLA और मंत्री के तौर पर इन्होंने अच्छा काम नहीं किया। इसलिए, 2027 में वह इन्हें फिर से अपना विधायक नहीं बनाना चाहते। यह बात एप के सर्वे में सामने आई। यह सर्वे सभी 117 सीटों पर किया गया और इसमें 102 सीटों के नतीजे जारी किए गए। (पढ़ें पूरी खबर) 4. सिंगर हनी सिंह के भतीजे समेत 2 की मौत जालंधर में सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। दोनों दोस्त एक बर्थडे पार्टी में गए थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, रात को बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद युवकों ने चंडीगढ़ से आए अपने दोस्तों के साथ एपीजे कॉलेज के पास से रेस लगानी शुरू कर दी थी। रेस के दौरान उनकी कार नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। पुलिस ने आज तड़के 3 बजे मौके से शवों को कब्जे में लिया। एक्सीडेंट के बाद सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा- मैंने अपना भतीजा खो दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 5. 2 बहनों समेत 3 बच्चियों की संदिग्ध हालत में मौत फिरोजपुर के ममदोट थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग परिवारों की 3 मासूम बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ी और उनके मुंह से सफेद झाग निकलने लगा। जब तक परिजन कुछ समझ पाते या सही इलाज मिल पाता, तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना शनिवार की है। पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों मौतों के पीछे कोई एक कारण है या ये अलग-अलग चिकित्सकीय परिस्थितियों के परिणाम हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मौतों की वजह पता लगाने में जुटे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. दुल्हन के घर देवर ने की फायरिंग-ताेड़फोड़ लुधियाना में शादी के दौरान दूल्हे के भाई का दुल्हन के घर DJ वाले से झगड़ा हो गया। फिर दुल्हन की विदाई के कुछ घंटे बाद बारातियों ने दुल्हन के घर पर हमला कर दिया। इन बारातियों की अगुआई दुल्हन का देवर ही कर रहा था। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की और फायरिंग भी की। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी 2 एक्टिवा भी तोड़ दी। दुल्हन के पिता से भी मारपीट की गई। हमलावरों का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वह जाते हुए दिख रहे हैं। पुलिस ने दुल्हन के पिता के बयान पर शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. इनोवा ने भरे ऑटो को टक्कर मारी, युवती की मौत अमृतसर में तेज रफ्तार इनोवा कार ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतका की पहचान मकबूलपुरा की रहने वाली प्रीत कौर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी अमनदीप कौर के मुताबिक, हादसा रात करीब साढ़े 12 से 1 बजे के बीच तारांवाला पुल के पास हुआ। ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे, जो राजेवाल चर्च में माथा टेककर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार इनोवा ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. ट्रेन के आगे लेटकर सफाई कर्मचारी ने दी जान फाजिल्का जिले के जलालाबाद स्थित डीएवी हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास एक सफाई कर्मचारी ने फिरोजपुर-श्रीगंगानगर पैसेंजर ट्रेन के आगे लेटकर खुदकुशी कर ली। घटना के दौरान रेलवे फाटक के पास मौजूद एक राहगीर ने पूरी वारदात अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। वह जलालाबाद का स्थानीय निवासी था और सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही GRP और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। (पढ़ें पूरी खबर) खबर विदेश से 9. पंजाबी युवक को अमेरिका में 24 साल कैद अमेरिका के कैलिफोर्निया में पंजाबी मूल के व्यक्ति को 24 साल की सजा सुनाई गई। 41 वर्षीय रिकी सिंह लशर पर 27 साल की एमिरी स्वीनी के मर्डर और दूसरी महिला के यौन उत्पीड़न का आरोप था। जांच के दौरान सामने आया कि रिकी पहले रेस्टोरेंट की पार्किंग में खड़ी अमेरिकी लड़की को नशे का लालच देकर पास में ही गार्डन में ले गया। वहां उसने लड़की से रेप की कोशिश की। लेकिन, लड़की भाग निकली। तभी रिकी ने अपने ट्रक से लड़की को कुचल दिया। यही नहीं, इस केस में रिकी का नाम सामने आते ही कुछ दूसरी महिलाएं भी सामने आईं और रिकी द्वारा किए गए उनके यौन शोषण की जानकारी अदालत को दी। इसके बाद मामले में पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज लगे, जिससे रिकी फंस गया। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके पिटाई के बाद घर छोड़ने आए दोस्त लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में एक युवक के साथ उसके दोस्तों ने मारपीट की। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर घर छोड़ने पहुंचे। वे उसे कंधे पर उठाकर कमरे तक ले गए और बिस्तर पर छोड़कर भाग गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें 2 लोग उस युवक को कंधे का सहारा देकर घर के अंदर ले जाते दिख रहे हैं। हालांकि, इसके बाद जब युवक की पत्नी उसे करवाचौथ की पूजा में शामिल होने के लिए बुलाने आई तो युवक की मौत हो चुकी थी। उसका शरीर नीला पड़ गया था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन कर युवक के दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारने शुरू कर दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)