समाचार · पंजाब
तरनतारन बॉर्डर पर पाक तस्करों की साजिश नाकाम:BSF-पुलिस का दो गांवों में छापा; 5.4 kg अफीम, 4 पिस्तौल और 50 कारतूस बरामद
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे तरनतारन जिले में सुरक्षा बलों और पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित तस्करों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सीमावर्ती गांवों डलीरी और गहरी के खेतों में चलाए गए अलग-अलग तलाशी अभियानों के दौरान बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने कुल 5 किलोग्राम 419 ग्राम अफीम, 4 आधुनिक पिस्तौल, 6 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि मामलों की तकनीकी व फील्ड जांच आगे बढ़ने के साथ ही तस्करों के इस बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश होगा। 1. गांव डलीरी के खेतों से 4.19 kg अफीम, 2 पिस्तौल और 50 कारतूस मिले थाना खालड़ा के प्रभारी एसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को भारत-पाक सीमा से सटे गांव डलीरी के खेतों में संदिग्ध सामान होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए खालड़ा पुलिस और बीएसएफ की 115वीं बटालियन (BOP कमांडर राज कुमार) ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। खेतों में छिपाकर रखे गए पीले रंग के एक पैकेट बरामद हुआ। तालाशी में मिला हथियार व नशे की बड़ी खेप नशीला पदार्थ: 4 किलो 19 ग्राम अफीम। अवैध हथियार: .30 बोर की 2 पिस्तौल, 2 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस। थाना खालड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 320 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54, 59 तथा 25/26/29 के तहत गहनता से जांच शुरू कर दी है। 2. गांव गहरी के खेतों से 1.4 kg अफीम, 2 पिस्तौल और 4 मैगजीन जब्त दूसरी ओर, सीमावर्ती गांव गहरी के खेतों से भी बीएसएफ के जवानों को गश्त के दौरान एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। थाना सराय अमानत खां के एसआई मंगल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब पैकेट की जांच की तो उसमें से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और हथियार बरामद हुए। क्या मिला इन पैकेट से नशीला पदार्थ: 1 किलो 400 ग्राम अफीम और 100 ग्राम पैकिंग सामग्री। अवैध हथियार: .30 बोर की 1 पिस्तौल (साथ में 2 मैगजीन) और .45 बोर की 1 गोलक पिस्तौल (साथ में 2 मैगजीन)। बीएसएफ ने पूरा सामान थाना सराय अमानत खां पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने मुकदमा नंबर 145 के तहत NDPS एक्ट की धारा 18, 21, 61, 85 तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पाकिस्तानी ड्रोन डिलीवरी और लोकल नेटवर्क की जांच तेज पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशीले पदार्थों और हथियारों की यह खेप सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन अथवा अन्य माध्यमों से भारतीय सीमा में गिराई गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों और नशीले पदार्थों को खेतों से उठाकर आगे किस स्थानीय तस्कर नेटवर्क तक पहुँचाया जाना था।