Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

टीकमगढ़ में स्थापना दिवस समारोह,डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे अतिथि:तीन घंटे चला समारोह, विधायक बोले- जतारा में उद्योगों के लिए 1,000 एकड़ जमीन आवंटित

INT News1 November 2026 at 05:53 pm

टीकमगढ़ के उत्सव भवन में रविवार को मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होना था, लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के देर से पहुंचने के कारण यह दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुआ। समारोह करीब 3 घंटे चला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने किया। उन्होंने मध्यप्रदेश के इतिहास और बुंदेलखंड के शौर्य-वीरता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश शिक्षा, जलापूर्ति, सिंचाई, ऊर्जा, परिवहन और अधोसंरचना सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। जतारा में उद्योगों के लिए 1,000 एकड़ जमीन आवंटित विधायक खटीक ने बताया कि जतारा विधानसभा क्षेत्र में उद्योग संवर्धन के लिए 1,000 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं और किसानों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने कहा कि मध्यप्रदेश ने बीमारू राज्य से स्वर्णिम राज्य तक का सफर तय किया है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि सरकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने से प्रदेश की खुशहाली और लोगों के जीवन में बदलाव आता है। पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर प्रदेश के विकास को गति दी जा रही है। ‘मेरो प्यारो मध्यप्रदेश’ गीत पर दी प्रस्तुति समारोह में अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 की छात्राओं ने ‘मेरो प्यारो मध्यप्रदेश’ गीत पर प्रस्तुति दी। वहीं पुष्पा हाई स्कूल की छात्राओं ने ‘विजयी भवः’ गीत पर नृत्य किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने मीसाबंदियों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों को शील्ड और प्रमाण पत्र दिए गए। समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई।