sports
Video: श्रेयस अय्यर ने पांचवें टी20 में जड़ा अर्धशतक, 'Mana Wave' स्टाइल में किया सेलिब्रेट

Shreyas Iyer Celebration: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की. सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाया. मुश्किल समय में क्रीज पर उतरकर उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. हालांकि, उनकी बल्लेबाजी के साथ-साथ अर्धशतक पूरा करने के बाद जश्न मनाने का अंदाज भी चर्चा का विषय बन गया. श्रेयस ने फिफ्टी पूरी करते ही 'Mana Wave' स्टाइल में सेलिब्रेशन किया. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों में पूरी की फिफ्टी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 मुकाबला रविवार को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जल्दी पवेलियन लौट गए. भारत ने महज 19 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे.
ऐसे मुश्किल समय में श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करने उतरे. उन्होंने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और ईशान किशन के साथ मिलकर पारी को संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी हुई. अय्यर ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 23 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे.
ये भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में किसने बनाए सबसे ज्यादा रन और कौन रहा लीडिंग विकेट टेकर? देखें पूरी लिस्ट
क्या है श्रेयस अय्यर के 'Mana Wave' सेलिब्रेशन का मतलब?
अर्धशतक पूरा करने के बाद श्रेयस अय्यर ने दायां हाथ कंधे के पास ले जाकर उसे तेजी से आगे की ओर उछाला. उनका यह अंदाज किसी लहर को आगे बढ़ाने जैसा नजर आया. इसी खास इशारे को 'Mana Wave' सेलिब्रेशन कहा जाता है.
दरअसल, इस जश्न का संबंध न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति से है. माओरी भाषा में 'Mana' शब्द का इस्तेमाल प्रतिष्ठा, सम्मान, अधिकार और आध्यात्मिक शक्ति जैसे भावों को व्यक्त करने के लिए किया जाता है. इसलिए इस इशारे को महज खुशी जाहिर करने का तरीका नहीं माना जाता, बल्कि इसके पीछे सांस्कृतिक पहचान और सम्मान की भावना भी जुड़ी है.
न्यूजीलैंड में क्यों खास है यह अंदाज?
'Mana Wave' कोई पारंपरिक क्रिकेट सेलिब्रेशन नहीं है. न्यूजीलैंड में यह इशारा अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों के बीच लोकप्रिय हुआ है. इसके जरिए खिलाड़ी अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के प्रति सम्मान जाहिर करते हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स ने रचा इतिहास, एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने