समाचार · मध्य प्रदेश
APK फाइल डाउनलोड करते ही रिटायर्ड शिक्षक का मोबाइल हैक:खाते से 3.40 लाख रुपए निकाले; शिकायत के 19 दिन बाद दर्ज करने का आरोप
शिवपुरी जिले के खनियांधाना क्षेत्र के बामोरकलां गांव में एक रिटायर्ड शिक्षक साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप पर APK फाइल भेजी। इसे डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित कैलाश नारायण सोनी का आरोप है कि उन्होंने 8 अक्टूबर को बामोरकलां थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने 27 अक्टूबर को FIR दर्ज की। उनका कहना है कि शिकायत के बाद समय पर कार्रवाई नहीं हुई। APK फाइल डाउनलोड करते ही बैंक खाते से निकले रुपए जानकारी के मुताबिक, कैलाश नारायण सोनी के व्हाट्सएप पर एक लिंक के साथ APK फाइल भेजी गई थी। उन्होंने फाइल डाउनलोड की तो ठगों ने उनके मोबाइल तक पहुंच बना ली। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप के जरिए खाते से रुपए निकाल लिए गए। बैंक से लगातार पैसे कटने के मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। ATM कार्ड, पासवर्ड और OTP भी नहीं पूछा कैलाश नारायण सोनी के मुताबिक, ठगों ने न तो उनका ATM कार्ड देखा और न ही बैंक का पासवर्ड या OTP पूछा। उनका कहना है कि सिर्फ APK फाइल डाउनलोड कराने के बाद ठगों ने मोबाइल और बैंकिंग ऐप तक पहुंच बना ली। रकम वापस पाने के लिए लगा रहे चक्कर पीड़ित और उनका परिवार ठगी की रकम वापस पाने और आरोपियों पर कार्रवाई के लिए बैंक, खनियांधाना थाने और जिला साइबर सेल के चक्कर लगा रहा है। उन्होंने रकम वापस दिलाने और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है। अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर आई APK फाइल या लिंक डाउनलोड करने से बचें। ऐसी फाइलों के जरिए ठग मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी और बैंकिंग ऐप तक अनधिकृत पहुंच बना सकते हैं। किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।