national
Kal Ka Mausam: कश्मीर में पारा माइनस 3.6 डिग्री, दिल्ली-पंजाब में घना कोहरा, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

Kal Ka Mausam: देश के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, जबकि दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है. श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई. वहीं, दिल्ली में बुधवार को सीजन की सबसे सर्द सुबह रही. राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 नवंबर को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी है. दूसरी ओर, केरल और तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, 28 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई. सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है. मंगलवार के मुकाबले तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट आई. राजधानी के दूसरे इलाकों में भी ठंड का असर दिखाई दिया. लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री, आयानगर में 10.4 डिग्री, पालम में 11 डिग्री और रिज क्षेत्र में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में 25 से 28 नवंबर के बीच घना कोहरा छाने की संभावना जताई है. इस दौरान सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है. दिल्ली में दिन के दौरान हल्का कोहरा रहने और अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
दिल्ली की हवा भी खराब, AQI पहुंचा 224
ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या भी बनी हुई है. बुधवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 224 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. शहर के चार निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही.
कश्मीर में कड़ाके की ठंड, पहलगाम में माइनस 3.6 डिग्री पहुंचा तापमान
जम्मू-कश्मीर में सर्दी लगातार बढ़ रही है. श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. यह इस मौसम में शहर का अब तक का सबसे कम तापमान है. घाटी में सबसे ठंडा स्थान पहलगाम रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बुधवार सुबह घाटी के कई इलाकों में कोहरा भी छाया रहा. मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के अंत तक कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है.
राजस्थान में फतेहपुर सबसे ठंडा, 4.7 डिग्री तक गिरा पारा
राजस्थान में भी सर्दी का असर बढ़ने लगा है. सीकर जिले का फतेहपुर 4.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा. वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश के कई दूसरे शहरों में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है. नागौर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, माउंट आबू में 7.1 डिग्री, चूरू में 7.7 डिग्री, वनस्थली में 8 डिग्री और अलवर में 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा.
पंजाब से हिमाचल तक कोहरे का अलर्ट, इन राज्यों में घट सकती है दृश्यता
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ से लेकर हिमाचल प्रदेश में 25 से 29 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की संभावना है. इसके अलावा असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में 25 से 27 नवंबर तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. ओडिशा में भी 25 और 26 नवंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने का अनुमान है.
केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से हवाएं
उत्तर भारत में जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं दक्षिणी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का खतरा है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी हवाओं की लहरों के प्रभाव से केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 25 से 27 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बारिश, बिजली गिरने की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी बारिश का अनुमान जताया है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 25 से 28 नवंबर तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 25 और 26 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 28 नवंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 25 नवंबर को बारिश का अनुमान है.
Also Read: बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज : बढ़ेगी और ठंड, जानें भागलपुर में कैसा रहेगा मौसम? कृषि सलाह भी जारी