समाचार · मध्य प्रदेश
मूंग खरीदी का दायरा बढ़ते ही हरदा में बढ़े भाव:मंडियों में 7,500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे दाम, खरीदी केंद्रों पर बढ़ी किसानों की भीड़
मध्य प्रदेश सरकार के मूंग खरीदी संबंधी फैसले का असर अब हरदा जिले की मंडियों में भी दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ मूंग खरीदी की सीमा 1 क्विंटल 20 किलो से बढ़ाकर 3 क्विंटल किए जाने के बाद किसानों को बड़ा फायदा मिला है। इस निर्णय के बाद मंडियों में मूंग के बाजार भाव में करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंडी में बढ़े मूंग के दाम मुख्यमंत्री की घोषणा से पहले हरदा की मंडियों में मूंग 6,000 से 6,500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था। अब यही भाव बढ़कर 7,000 से 7,500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। इससे किसानों को एक ओर समर्थन मूल्य का लाभ मिल रहा है, वहीं खुले बाजार में भी बेहतर कीमत मिल रही है। किसानों को मिला दोहरा फायदा सरकार के फैसले के बाद कई किसान अपनी उपज सीधे समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों पर लेकर पहुंच रहे हैं। इसके चलते मंडियों में मूंग की आवक भी कम हो गई है। बाजार में आवक घटने से कीमतों में तेजी आई है, जिसका लाभ किसानों को मिल रहा है। किसानों के आंदोलन के बाद बदला फैसला पहले सरकार ने प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलो मूंग खरीदी की सीमा तय की थी। इस फैसले का किसान संगठनों ने विरोध किया और स्थानीय स्तर से लेकर भोपाल तक प्रदर्शन किए। इसके बाद सरकार ने निर्णय में बदलाव करते हुए खरीदी सीमा बढ़ाकर 3 क्विंटल प्रति एकड़ कर दी। खरीदी के आंकड़े अप्रैल से 31 जुलाई तक हरदा जिले की चारों कृषि उपज मंडियों में 3,39,193 क्विंटल मूंग की खरीदी हो चुकी है। वहीं समर्थन मूल्य पर अब तक 16,927 किसानों से 1,81,222 क्विंटल मूंग खरीदी गई है। 1.13 लाख हेक्टेयर में हुई बुवाई इस वर्ष जिले में करीब 1.13 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में मूंग की बुवाई की गई थी। औसतन 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के अनुमान के आधार पर जिले में 1.36 लाख मीट्रिक टन मूंग उत्पादन की संभावना है। करीब 40 हजार किसानों ने कराया पंजीकरण समर्थन मूल्य पर मूंग बेचने के लिए जिले के 39,892 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 37,089 किसान गुरुवार तक स्लॉट बुक कर चुके हैं। प्रशासन आवश्यकता पड़ने पर खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने की तैयारी भी कर रहा है। फर्जीवाड़े पर प्रशासन की सख्ती जिले में फिलहाल 40 खरीदी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन उन लोगों पर भी कड़ी निगरानी रख रहा है जो व्यापारियों से मूंग खरीदकर फर्जी तरीके से समर्थन मूल्य पर बेचने का प्रयास कर सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फर्जी पंजीकरण या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।