समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर से 25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:मंदसौर का आरोपी राजस्थान में करता था स्मैक सप्लाई, ANTF ने दबोचा
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ऑपरेशन "सौम्यकूल" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी स्मैक तस्कर सोहेल उर्फ साहिल खान को इंदौर से गिरफ्तार किया है। मंदसौर जिले के लदूना निवासी सोहेल पिछले दो साल से फरार चल रहा था। वह राजस्थान के फलोदी जिले में दर्ज स्मैक तस्करी के मामले में पुलिस को वांछित था। फलोदी पुलिस ने घोषित किया था इनाम महानिरीक्षक विकास कुमार ने शुक्रवार रात आरोपी की गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी सोहेल खान उर्फ साहिल खान, पुत्र अकबर खान, निवासी वार्ड क्रमांक-14, लदूना जिला मंदसौर पर पुलिस अधीक्षक फलोदी की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही वह पुलिस गिरफ्त से बचता हुआ फरार चल रहा था। खेती और दूध व्यवसाय के बाद नशा तस्करी से जुड़ा पुलिस के अनुसार, सोहेल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। शुरुआत में वह भैंसों का तबेला चलाकर दूध का व्यवसाय करता था और खेती-बाड़ी से जुड़ा हुआ था। लेकिन अधिक कमाई के लालच में वह अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया। पुलिस का आरोप है कि सोहेल मध्यप्रदेश से स्मैक खरीदकर एजेंटों के जरिए राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करता था। स्मैक मामले में पूछताछ के दौरान सामने आया नाम वर्ष 2024 में फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक की खेप के साथ एक आरोपी को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सोहेल और उसके रिश्तेदार का नाम बताया था। इसके बाद पुलिस ने सोहेल को मामले में आरोपी बनाया और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया। ट्रैक्टर चालक बनकर छिपा था आरोपी ANTF टीम को सूचना मिली थी कि सोहेल इंदौर-पीथमपुर हाईवे के पास गड्ढों की खुदाई के काम में ट्रैक्टर चालक के रूप में काम कर रहा है। वह पास के गांव में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। सूचना मिलने के बाद ANTF की टीम इंदौर पहुंची। टीम ने किराये की मोटरसाइकिल से इलाके की निगरानी की। इसके बाद पीथमपुर के पास चल रहे खुदाई कार्य के दौरान ट्रैक्टर चला रहे सोहेल की पहचान की गई और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोहेल ने मध्यप्रदेश और राजस्थान में किन लोगों के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क बनाया था। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।