समाचार · पंजाब
लुधियाना मेयर के वार्ड में मिला युवक का शव,:कल सुबह काम पर निकला था,रात भर तलाश के बाद आज पार्क में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
लुधियाना के मेयर के वार्ड के अधीन आते इलाके में आज सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव रहस्यमयी परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान मनी (21) के रूप में हुई है, जो सुखदेव नगर इलाके में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। आज सुबह जैसे ही बंदा बहादुर सिंह नगर (मेयर के वार्ड) इलाके में एक पार्क में शव मिलने की सूचना फैली, तो वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस मौत को लेकर कई गंभीर सवाल उठा रहे हैं। काम पर जाने के लिए निकला था, फिर नहीं लौटा घटनास्थल पर मृतक की बहन मोनिका ने बताया कि उसका भाई मनी कल सुबह अपनी मां को यह कहकर घर से निकला था कि वह दिहाड़ी (मजदूरी) पर जा रहा है। आमतौर पर मनी दोपहर 1 बजे तक अपना काम खत्म करके घर वापस आ जाता था। लेकिन कल जब देर शाम तक वह नहीं लौटा, तो परिवार को उसकी चिंता सताने लगी। मोनिका ने बताया कि मनी के पास कोई मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके कारण उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसके अलावा,वह जिस ठेकेदार या व्यक्ति के साथ काम पर जाता था, उसका कोई अता-पता या नंबर भी परिवार के पास मौजूद नहीं है। रात भर सड़कों पर भाई को तलाशता रहा परिवार भाई के घर न लौटने पर बेचैन परिवार ने रात भर उसकी तलाश की। मोनिका के अनुसार, उन्होंने रात के समय त्रिकोणी पार्क और आसपास के कई इलाकों की खाक छानी। तलाश के दौरान उन्हें किसी ने बताया कि एक लड़का इलाके में देखा गया है, लेकिन काफी ढूंढने के बाद भी मनी का कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह अचानक सूचना मिली कि मनी का शव बंदा बहादुर सिंह नगर इलाके में पड़ा हुआ है। नशे और बुरी संगत से दूर था मनी बहन मोनिका ने स्पष्ट किया है कि उसके भाई को किसी भी तरह के भारी नशे (जैसे चिट्टा आदि) की कोई लत नहीं थी। वह सिर्फ कभी-कभार बीड़ी पीता था और घर का सादा खाना ही खाता था। मोनिका ने बताया कि मनी की किसी के साथ कोई खास यारी-दोस्ती नहीं थी और न ही उसकी कोई बुरी संगत थी। वह अपने काम से काम रखने वाला एक सीधा-साधा लड़का था। बंदा बहादुर सिंह नगर कैसे पहुंचा मनी इस पूरे मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जो युवक सुबह दिहाड़ी करने के लिए घर से निकला था, उसका शव मेयर के वार्ड यानी बंदा बहादुर सिंह नगर में कैसे पहुंचा बहन मोनिका ने बताया कि उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं है कि मनी वहां क्या करने गया था, या वह किसके साथ वहां तक पहुंचा था। शव मोर्चरी में रखवाया, परिवार के बयानों पर होगी कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल, मृतक के परिवार वालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।