Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल स्कूल में एसडीएम का औचक निरीक्षण:टीचर्स में मचा हड़कंप,प्रार्थना के दौरान पहुंचे एसडीएम,व्यवस्थाओं का किया बारीकी से निरीक्षण

INT News1 August 2026 at 10:26 am

करनाल जिले के गांव बरसत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार सुबह एसडीएम घरौंडा राजेश कुमार सोनी ने अचानक स्कूल में छापा मार दिया। स्कूल की घंटी बजने के बाद प्रार्थना की तैयारी चल रही थी, तभी एसडीएम की गाड़ी स्कूल परिसर में पहुंच गई। अचानक निरीक्षण से शिक्षकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसडीएम ने स्कूल पहुंचते ही सबसे पहले शिक्षकों का हाजिरी रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया, ताकि देर से आने वाले शिक्षकों की जांच की जा सके। इसके बाद उन्होंने प्रार्थना सभा को ध्यानपूर्वक देखा और यह परखा कि प्रार्थना के अलावा अन्य कौन-कौन सी गतिविधियां करवाई जा रही हैं। कक्षाओं और सुविधाओं की जांच

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्कूल परिसर का दौरा कर कक्षाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कमरों में लाइट, सीलिंग फैन की कार्यप्रणाली और बच्चों के बैठने की व्यवस्था को चेक किया। इसके अलावा वे अलग-अलग कक्षाओं में गए और छात्रों से सवाल पूछकर उनकी पढ़ाई के स्तर का भी आकलन किया। साथ ही शिक्षकों की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी ली गई। एसडीएम ने मिड-डे मील की व्यवस्था को भी परखा। उन्होंने रसोई में बन रहे भोजन के बारे में जानकारी ली और बच्चों से बातचीत कर उनकी पसंद-नापसंद जानी। इसके अलावा स्कूल के शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था की भी जांच की गई। एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य किसी में डर या पैनिक पैदा करना नहीं है, बल्कि सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि बच्चों और शिक्षकों दोनों की ओर से कुछ सुझाव सामने आए हैं। निरीक्षण के दौरान मिली छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के निर्देश स्कूल प्रबंधन को दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में बीते मंगलवार को सभी स्कूलों की एसडीएम कार्यालय में बैठक ली गई थी, जिसमें व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए गए थे। इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य उन्हीं निर्देशों के प्रभाव को जांचना था।