समाचार · पंजाब
उझ दरिया में 1.10 लाख क्यूसेक पानी पहुंचा:बॉर्डर एरिया में बाढ़ का खतरा, किनारों से निकलकर खेतों में फैला; सतर्क रहने की अपील
जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश का असर सीमावर्ती क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। पाकिस्तान सीमा से सटे बमियाल के पास बहने वाली उझ दरिया में आज करीब 1 लाख 10 हजार क्यूसेक पानी पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने के कारण नदी का पानी किनारों से बाहर निकलकर खेतों में फैलने लगा है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले वर्ष उझ दरिया में लगभग 1 लाख 50 हजार क्यूसेक पानी आने पर किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ था। उनका कहना है कि यदि नदी में पानी का स्तर 1 लाख 80 हजार क्यूसेक तक पहुंच जाता है, तो पानी बमियाल और आसपास के इलाकों की ओर मुड़ जाता है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ जाता है। उझ दरिया पर बने पुल पर नाकाबंदी जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए पंजाब पुलिस ने उझ दरिया पर बने पुल पर नाकाबंदी कर दी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की अपील की है। इसके बावजूद, लोग नदी का बढ़ता जलस्तर देखने के लिए पुल पर पहुंच रहे हैं। उझ दरिया का जलस्तर और बढ़ने की संभावना समाचार लिखे जाने तक जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश जारी है, जिसके कारण उझ दरिया का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।