Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पार्थिव शिवलिंग महायज्ञ की तैयारियां शुरू जानकी मंदिर में पहुंचने लगी पवित्र मिट्टी

INT News4 July 2026 at 05:46 am

भास्कर संवाददाता| सुल्तानपुर सावन माह में आयोजित होने वाले नगर के प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक पार्थिव शिवलिंग रुद्री निर्माण महायज्ञ की तैयारियां श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में शुरू हो गई हैं। महायज्ञ की प्रमुख प्रक्रिया मानी जाने वाली मिट्टी चयन की परंपरा पूरी हो चुकी है और चयनित स्थान से मिट्टी मंदिर परिसर पहुंचाई जा रही है। आयोजन में शामिल होने के लिए यजमानों और श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना भी शुरू हो गया है। महायज्ञ के मार्गदर्शक पंडित राजेंद्र शास्त्री ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग निर्माण धार्मिक परंपराओं के अनुसार कई चरणों में संपन्न होता है। मिट्टी के चयन से लेकर उसे निर्माण योग्य बनाने तक श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ही इस महायज्ञ को विशेष बनाती है। शुद्धिकरण के बाद तैयार होती है पवित्र मिट्टी: शिवलिंग निर्माण से पहले मिट्टी में विभिन्न तीर्थों की मिट्टी मिलाई जाती है। इसके बाद गंगाजल, नर्मदा जल, शुद्ध घी, दूध, दही, शहद और पंचामृत के माध्यम से उसका शुद्धिकरण किया जाता है, ताकि बड़ी संख्या में होने वाले शिवलिंग निर्माण के दौरान मिट्टी पवित्र, शुद्ध और वातावरण के अनुकूल बनी रहे। संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं- मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, निर्माण कार्य और धार्मिक अनुष्ठानों के सुचारू संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। सावन माह में होने वाले इस आयोजन को लेकर नगर में अभी से उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बन गया है। पंडित राजेंद्र शास्त्री ने बताया कि आयोजन के लिए हर वर्ष सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का संकल्प लिया जाता है, श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी के कारण यह संख्या कई बार निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक पहुंच जाती है।