समाचार · मध्य प्रदेश
नाला सफाई में पाइप लाइन टूटी, घरों में पानी नहीं पहुंचा
भास्कर संवाददाता | दमोह किल्लाई नाका स्थित मजिस्ट्रेट कॉलोनी के सामने, शिशु मंदिर स्कूल के पास गुरुवार को नगरपालिका द्वारा चोक नाले की जेसीबी से सफाई कराई गई। सफाई के दौरान नाले के समीप से गुजर रही पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे मजिस्ट्रेट कॉलोनी के कुछ घरों में जलापूर्ति बाधित हो गई। मजिस्ट्रेट कॉलोनी के रहवासियों ने इसकी सूचना तत्काल नगरपालिका को दी। शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कर दोबारा कनेक्शन जोड़ दिया। इसके बाद प्रभावित क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सामान्य होने लगी। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि नाला सफाई जैसे कार्यों के दौरान सावधानी बरती जानी चाहिए, ताकि पेयजल पाइप लाइन या अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान न पहुंचे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।