समाचार · मध्य प्रदेश
युवाओं, किसानों और उज्जैन भूमि पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा
भास्कर संवाददाता। मुरैना जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार पर युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर तीखा हमला बोला। प्रभारी डॉ देवेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं तथा नीट व अन्य परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया और पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खरीफ की बुवाई प्रभावित हो रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर ने उज्जैन भूमि प्रकरण की स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस मामले पर सार्वजनिक जवाब देना चाहिए। विधायक दिनेश गुर्जर, जौरा विधायक पंकज उपाध्याय और पूर्व विधायक सतपाल सिंह सिकरवार ने भी सरकार पर भ्रष्टाचार, परीक्षा प्रणाली और किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाने की घोषणा की। पत्रकार वार्ता में नगर निगम के सभापति राधारमण रमण डंडोतिया, भगवान सिंह तोमर, कुलदीप यादव, हरीश पाठक आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।