समाचार · मध्य प्रदेश
महाविद्यालयीन जीवन, अनुशासन, व परीक्षा प्रणाली की दी जानकारी
भास्कर संवाददाता | मुरैना शासकीय महाविद्यालय जौरा में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली, पर्यावरण संरक्षण, छात्र हितैषी योजनाओं, शिकायत निवारण तंत्र, सीएम हेल्पलाइन तथा करियर मार्गदर्शन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. एचएन सिंह हाड़ा ने सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। वहीं डॉ. नीलम राजपूत ने एंटी रैगिंग, महिला सुरक्षा और लैंगिक संवेदनशीलता पर जानकारी दी। प्रोफेसर एसएन शुक्ला ने शिकायत निवारण तंत्र एवं सीएम हेल्पलाइन की जानकारी दी, जबकि प्रोफेसर यदुनंदन उपाध्याय ने प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, परीक्षा प्रणाली और करियर के अवसरों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चमन प्रकाश विमल ने किया।