समाचार · हरियाणा
कैथल में 17 परीक्षा केंद्रों पर होगी एचटेट परीक्षा:9943 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, सुरक्षा को लेकर कड़े प्रबंध
कैथल में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 17 परीक्षा केंद्रों पर हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर कड़े प्रबंध किए गए हैं। दो दिनों तक होने वाली इस परीक्षा में कुल 9,943 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। आज सायं कालीन सत्र में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी, जिसमें 3,173 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। वहीं 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 5,392 शामिल होंगे। सायं कालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 1,378 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और यह परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित होगी। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए डीसी अपराजिता ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही परीक्षार्थियों की तलाशी लेने सहित तमाम तरह के सुरक्षा उपायों की तैयारी पूरी की गई हैं। परीक्षा केंद्र अधीक्षक लिखने में असक्षम अभ्यर्थियों के लिए नियमानुसार फैसला ले सकते हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के आवश्यक उपाय किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित रहें। परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। नकल एवं अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उड़नदस्तों की तैनाती के साथ पर्याप्त पुलिस बल भी नियुक्त किया गया है। धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा-163 लागू रहेगी। आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटो स्टेट की दुकानें संचालित करने पर प्रतिबंध, पांच या पांच से अधिक एक साथ व्यक्ति इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। डीसी ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ये रहेंगे परीक्षा केंद्र- हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के लिए जिला में 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आरकेएसडी कॉलेज में 4 परीक्षा केंद्र, डॉ. बी आर अंबेडकर कॉलेज में 2, ओएसडीएवी स्कूल में 2, आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में 2, आईजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 2, जाट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जाट कॉलेज, अखिल भारतीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राधा कृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंडस पब्लिक स्कूल में एक-एक परीक्षा केंद्र शामिल हैं।