Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सिरसा JJP नेता सिंगला के घर पर हमला, ईंटें बरसाई:आरोप-सरपंच व 10-15 लोग हथियार लेकर पहुंचे, गेट-गाड़ी के शीशे तोड़े, परिवार सहमा

INT News4 July 2026 at 06:28 am

सिरसा में जजपा नेता सचिन सिंगला और उसके परिवार पर रात्रि को अचानक हमला कर दिया गया। यह आरोप गांव के ही सरपंच पर लगे हैं। जजपा नेता सिंगला का आरोप है कि सरपंच के साथ 10-15 अन्य लोग एवं हथियार और भी थे। आते ही हमलावरों ने उनके घर पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी और खिड़कियां-शीशे एवं गेट तोड़फोड़ दिए। घर में खड़ी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। कुछ देर बाद रोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक कुछ हमलावर फरार हो गए तो कुछ पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ऐसे में पुलिस ने बीच-बचाव कराया और सुरक्षा के मद्देनजर जजपा नेता के घर के बाहर गली में डायल 112 की गाड़ी और रातभर पुलिस तैनात रही। जजपा नेता सचिन ने घटना का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें गांव के सरपंच हरविंद्र पाल पर आरोप लगाए कि रात को उनके घर आकर शीशे तोड़ दिए। एक अन्य निक्का पर भी आरोप लगाए कि इसकी जांच हो, उसे इन हमलावरों का पता है। जानकारी के अनुसार, जजपा नेता सचिन सिंगला का गांव फग्गू में मकान है। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे सचिन और उसका पूरा परिवार घर पर ही था। उसी समय सरपंच उनके घर आया और उसके साथ कुछ अन्य युवक थे। आरोप है कि पहले उनके बीच गली को लेकर बहस हुई और तू-तड़ाक पर उतर आए। सरपंच और उसके साथियों ने घर पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। गनीमत रही कि परिवार ने घर में छिपकर अपनी जान बचाई। हालांकि, जजपा पार्टी की ओर से कोई बयान नहीं आया है। घर पर हमले से जुड़े तीन फोटोज: जानिए ये हैं पूरा विवाद सचिन के अनुसार, फग्गू में उनके घर और आसपास की गली का निर्माण डी-प्लान के तहत हुआ था। सरकार ने बजट तो दिया, परंतु सरपंच व ठेकेदार ने काम सही नहीं किया। उनके घर के पास टी-प्वाइंट है और यहां से गली को दो फुट ऊंचा उठाकर बना दी गई। जो सीवरेज लाइन बिछी है, उसमें चेंबर यानी मेन हॉल तक नहीं बनाए। इस कारण बस स्टैंड से लेकर गांव का लगभग बरसाती पानी उनके घर की ओर आता है। उनके घर में पहले कभी पानी नहीं आया। मंगलवार को हुई बारिश के बाद तलाब ओवरफ्लो हो गया और पानी गली से सीधा घर में दो फुट तक घुस गया। डेढ साल से परेशानी झेल रहे हैं और उनके घर का बुरा हाल हो चुका है। इससे डेढ लाख का नुकसान है। इस बारे में ग्राम पंचायत और पंचायती राज के जेई व एसडीओ बताया और पंचायत राज विजिलेंस को शिकायत दी। इन हालात की सिरसा डीसी को भी दो बार वीडियाे भेजी। मगर किसी ने संज्ञान नहीं लिया। बुधवार रात को भी सचिन ने वीडियो जारी कर आरोप लगाए थे कि सरपंच, ठेकेदार, जेई व एसडीओ उसे डराते-धमकाते हैं। इस पर प्रशासन से एक्सईएन व उनकी टीम ने वीरवार को गांव में गली और तलाब के कार्यों का जायजा लिया और लेवल न होने पर गली को सही से बनाने के आदेश दिए। इससे सचिन को कुछ राहत की उम्मीद हुई, परंतु सरपंच इस बात से गुस्सा गया। मामले में जानिए किसने क्या कहा प्रशासन की टीम ने गली को सही बनाने के लिए कहा तो सरपंच गुस्साया फग्गू निवासी सचिन सिंगला ने बताया कि कल वीरवार को प्रशासन से एक्सईएन की टीम जांच के लिए आई थी। उन्होंने गली को सही ढंग से दोबारा से बनाने के लिए कहा था। जहां से लेवल ऊंचा है, उसे ठीक करने और जहां से लेवल नीचा है, उसे ऊंचा करने। इसी बात से सरपंच चिड़ गया और उनसे रंजिश रखने लगा। रात को वह आया और आते ही उसने अपने लोगों के साथ मिलकर घर पर हमला कर दिया। वे मुश्किल से बचे। सचिन बोले, उनमें से कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया था, जिससे पूछताछ करेगी। हमारी मांग है कि बाकी आरोपियों का भी पता लगाकर उनको पकड़ा जाए। उसे व उसके परिवार की जान को खतरा बना हुआ है। प्रशासन को पहले ही अवगत करवाया था। अभी तो पुलिस खड़ी है। पुलिस के जाते ही वे दोबारा न आ जाए। पूरा परिवार सहम गया है और प्रशासन से सहयोग की उम्मीद है। गली को लेकर हुआ झगड़ा : प्रभारी मामले में रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि अभी पुलिस मौके पर गई हुई है। घर के बाहर बनी गली को लेकर झगड़ा है। रात को सरपंच सचिन सिंगला के घर की ओर से गया हुआ था। उन दोनों के बीच झगड़ा हो गया और ईंटें बरसा दी। घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगालेंगे। उसी में पता चलेगा कि कितने लोग वहां पर थे। सरपंच को आरोपों पर थाने में बुलाया गया है तो उसके भाई ने शनिवार सुबह आने को कहा है। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।