Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कालभैरव लोक: भू-अर्जन के प्रयास तेज

INT News4 July 2026 at 06:21 am

श्री कालभैरव लोक (कॉरिडोर) के लिए भू-अर्जन के प्रयास तेज होते जा रहे हैं। किसानों के साथ-साथ ले आउट में जितने भी प्रभावित हैं, उन भूमि स्वामियों से प्रक्रिया के संबंध में राजस्व के अधिकारी चर्चा कर रहे हैं, ताकि प्रक्रिया कर प्रोजेक्ट को जल्द आगे बढ़ाया जाए। सिंहस्थ के दृष्टिगत व श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए श्री कालभैरव मंदिर का विस्तार किया जाना है। श्री महाकाल महालोक की तर्ज पर यहां श्री कालभैरव लोक बनाने की प्लानिंग है। इसके तहत करीब 125.17 करोड़ की लागत से मंदिर परिसर की 9 हेक्टेयर की शासकीय और आसपास की 11 हेक्टेयर निजी जमीन पर कई तरह के निर्माण-विकास कार्य होंगे। लिहाजा जमीन अधिग्रहण के लिए किसानों के साथ सहमति बनाने के अलावा राजस्व की टीम अन्य उन सभी भूमि मालिकों से भी चर्चा कर रही है कि जिनकी जमीन ले आउट में प्रभावित हो रही हैं। उज्जैन शहर के एसडीएम एलएन गर्ग ने कहा भू-अर्जन के लिए प्रक्रिया की जा रही है। जो भी प्लान के ले आउट में प्रभावित हो रहे हैं, उन सभी से चर्चा कर रहे हैं। श्री महाकाल मंदिर के बाद श्रद्धालुओं का सर्वाधिक दबाव श्री कालभैरव मंदिर में रहता है। ऐसे में इस मंदिर के विस्तार को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस मंदिर में शुरू की गई 500 रुपए की सशुल्क वीआईपी दर्शन व्यवस्था के बाद जिम्मेदारों के लिए यह और भी जरूरी हो गया कि वे श्रद्धालुओं को उस स्तर की सुविधाएं भी प्रदान करें। नए प्रोजेक्ट में मार्ग का विस्तार, श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए वेटिंग, रेस्टिंग लाउंज, वीआईपी व सामान्य एंट्री पाइंट के अलग-अलग प्रबंध, साफ पेयजल के इंतजाम आदि शामिल रहेंगे।