समाचार · मध्य प्रदेश
ओरछा में पुष्य नक्षत्र पर 35 हजार भक्त पहुंचे:रामराजा सरकार के दरबार में शाम तक 70 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में पुष्य नक्षत्र के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। रामराजा सरकार के दर्शन के लिए मध्य प्रदेश और आसपास के राज्यों से पहुंचे लगभग 30 से 35 हजार भक्तों ने मंगलवार दोपहर 1 बजे तक माथा टेका। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए शाम तक यह आंकड़ा 70 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। एक कतार में कराए गए दर्शन मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के दर्शन कराने के लिए मंदिर प्रबंधन ने एक कतार (सिंगल लाइन) व्यवस्था लागू की। भक्त हाथ में पूजा सामग्री लिए जयकारे लगाते हुए कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश करते रहे। चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। एसडीओपी कृष्ण कुमार पांडेय ने बताया कि पुष्य नक्षत्र के विशेष मौके पर भक्तों की भारी संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे दर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहे।