समाचार · उत्तर प्रदेश
UP Politics: ओवैसी-चंद्रशेखर के साथ आने पर अखिलेश यादव खुश, बोले- भाजपा को लगेगा 2-3 प्रतिशत वोटों का झटका

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव के साथ राजनीति में भी बदलाव जरूरी है. अखिलेश का मानना है कि नए राजनीतिक विकल्प के सामने आने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है. उन्होंने मोर्चे को शुभकामनाएं भी दीं.
पीडीए की आवाज उठाने वालों को सपा का साथ
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पीडीए समाज के हितों की बात करने वाले सभी दलों को समाजवादी पार्टी का सहयोग मिलेगा. उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने और पीडीए समाज की आवाज जनता तक पहुंचाने वाले दलों का साथ दिया जाएगा. उनके मुताबिक, ऐसे प्रयासों से उन लोगों को भी नया विकल्प मिलेगा, जो भावनात्मक नारों के प्रभाव में आकर वोट देते हैं.
राजनीतिक बदलाव के लिए एकजुट होने की जरूरत
सपा अध्यक्ष ने कहा कि केवल सामाजिक बदलाव की बात करना काफी नहीं है. इसके लिए राजनीतिक स्तर पर भी प्रयास करने होंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इस दिशा में काम करेगा. अखिलेश के अनुसार, अलग-अलग राजनीतिक मोर्चे बनने से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन इसके पीछे समाज की भलाई करने की सच्ची सोच होनी चाहिए.
दूसरों के इशारे पर चलने वाले दलों को जनता देगी जवाब
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने वालों की सच्चाई जनता जानती है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई राजनीतिक दल किसी दूसरे के इशारे पर काम करता है और अपने समाज के हितों को पीछे छोड़ देता है तो चुनाव में जनता उसे जवाब दे सकती है. उन्होंने कहा कि किसी भी मोर्चे का उद्देश्य अपने समाज की तरक्की होना चाहिए.
वोटों की ठेकेदारी खत्म करने की कही बात
सपा अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति में वोटों की ठेकेदारी की परंपरा खत्म होनी चाहिए. हर राजनीतिक दल को अपने समाज के हितों के लिए काम करना चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि अब मतदाता अपने अधिकार और हितों को ध्यान में रखकर फैसला करेंगे. अखिलेश के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव में जनता उसी दल का साथ देगी, जिसके पास मजबूत आधार और अपने समाज के लिए काम करने की क्षमता होगी.
पीडीए को बताया सबसे मजबूत राजनीतिक विकल्प
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए से बड़ा कोई दूसरा राजनीतिक विकल्प नहीं है. उन्होंने भरोसा जताया कि समाज के हितों की बात करने वाले दलों को जनता का समर्थन मिलेगा. साथ ही उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन का स्वागत करते हुए इसके नेताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उनके इस बयान को यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नए राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
Must Read: UP Chhath Puja: यूपी में इस दिन से शुरू होगा छठ महापर्व, जानें नहाय-खाय से पारण तक 4 दिनों का पूरा कैलेंडर